रायपुर के कटोरा तालाब स्थित संत कंवरराम चौक के पास पटाखों की चिंगारी से दुकानों के बाहर आग लग गई। सड़क पर फोड़े जा रहे पटाखों की चिंगारी दुकानों के बाहर लगे डेकोरेशन पर जा गिरी, जिससे आग भड़क उठी।
आग की चपेट में 2 से 3 दुकानों के बाहर लगा डेकोरेशन आ गया। इससे पूरी सजावट जलकर खाक हो गई। हालांकि, समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
पिछले महीने पंडरी कपड़ा मार्केट में लगी थी आग
शहर के पंडरी स्थित सिटी सेंटर मॉल के पास महालक्ष्मी मार्केट की होम डेकोरेशन दुकान में 25 अक्टूबर को आग लग गई थी। आग बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर लगी थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दुकान के AC का कंप्रेसर फटने से आग लगी थी।
आग से दुकान में रखा फर्नीचर और सजावटी सामान जल गया था। सूचना मिलने पर दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची थीं। घटना में लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई गई थी। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी।