रायगढ़ में शहर की मुख्य अंग्रेजी शराब दुकान में चोरी हुई

Chhattisgarh Crimesरायगढ़ में शहर की मुख्य अंग्रेजी शराब दुकान में चोरी हुई है। अज्ञात चोर दुकान की छत पर जाने वाली सीढ़ी का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे। इसके बाद काउंटर में रखे करीब 15 हजार रुपए कैश, CCTV कैमरे का DVR और महंगी शराब की बोतलें चोरी कर ले गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना चक्रधर नगर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, विनोबा नगर निवासी विनोद प्रजापति (32) चक्रधर नगर क्षेत्र की अंग्रेजी शराब दुकान में सुपरवाइजर है। उसने पुलिस को बताया कि दिनभर शराब की बिक्री के बाद रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर सभी कर्मचारी अंदर हिसाब-किताब कर रहे थे।

इसके बाद रात करीब 11 बजे गोदाम और दुकान के बाहर के शटर में ताला लगाकर सभी अपने घर चले गए। अगले दिन सुबह करीब साढ़े 9 बजे जब वह दुकान पहुंचा और ताला खोलकर अंदर गया तो गोदाम की कुंडी की तरफ की दीवार टूटी हुई मिली।

जांच करने पर पता चला कि काउंटर के गल्ले में रखे करीब 15 हजार रुपए गायब थे। काउंटर में लगा CCTV कैमरे का DVR भी नहीं मिला। दुकान में सामान और शराब की पेटियां बिखरी हुई थीं। गोदाम में रखे लॉकर की दीवार भी टूटी मिली, हालांकि चोर लॉकर तोड़ने में सफल नहीं हो सके।

100 पाइपर की 2 और वैलेंटाइन की 1 बोतल चोरी

शराब की बोतलों की जांच करने पर 100 पाइपर की दो और वैलेंटाइन की एक बोतल गायब मिली। दुकान की छत पर जाने वाली सीढ़ी का दरवाजा भी टूटा हुआ था। सुपरवाइजर ने आशंका जताई कि चोर छत के रास्ते दुकान में दाखिल हुए थे।

26 हजार रुपए की चोरी, अज्ञात आरोपियों पर केस दर्ज

दुकान से कैश और महंगी शराब की बोतलों समेत करीब 26 हजार रुपए का सामान चोरी होने की बात सामने आई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की।

पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 305 (ए) और 331 (4) BNS के तहत केस दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।

Exit mobile version