छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र बॉर्डर पर गढ़चिरौली जिले में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के एक हथियार निर्माण कारखाने का भंडाफोड़ किया है। गढ़चिरौली पुलिस और सीआरपीएफ ने संयुक्त अभियान चलाकर जंगल में छिपाकर रखे गए हथियार बनाने के सामान, हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की। इसके बाद सुरक्षाबलों ने मौके पर ही सभी सामान को नष्ट कर दिया।
यह कार्रवाई 22 से 27 जून 2026 तक चलाए गए विशेष अभियान के दौरान की गई। 27 जून को गुप्त सूचना मिलने पर गढ़चिरौली पुलिस और सीआरपीएफ की टीम ने जंगल में जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए नक्सलियों के हथियार बनाने के ठिकाने का पता लगाया।
सुरक्षाबलों ने वहां से करीब 5 से 6 टन वजनी लेथ मशीन, 150 क्लैंप, अलग-अलग तरह के पाइप, 220 बोर पाइप, 20 लोहे की रॉड और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान बरामद किया।
पुलिस के मुताबिक, नक्सली इस तरह की सामग्री को जंगल में छिपाकर रखते हैं और जरूरत पड़ने पर हथियार व विस्फोटक बनाने में इस्तेमाल करते हैं।
यह सामान छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा के घने जंगल में छिपाकर रखा गया था। सुरक्षाबलों ने पूरे सामान को जब्त करने के बाद मौके पर ही नष्ट कर दिया।