राजधानी रायपुर में अब घर से निकलने वाली कचरा गाड़ी की लोकेशन और उसके पहुंचने का समय मोबाइल पर पता चल सकेगा

Chhattisgarh Crimesराजधानी रायपुर में अब घर से निकलने वाली कचरा गाड़ी की लोकेशन और उसके पहुंचने का समय मोबाइल पर पता चल सकेगा। नगर निगम ने शहर के सभी कचरा वाहनों को GPS आधारित डिजिटल निगरानी से जोड़ने का फैसला किया है।

इससे लोगों को कचरा गाड़ी का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। गाड़ी नहीं पहुंचने पर निगम कार्यालय के चक्कर भी नहीं लगाने होंगे।अधिकारियों के मुताबिक, शिकायत मिलने पर महज 5 मिनट में वाहन की लोकेशन और रूट रिकॉर्ड देखकर उसकी स्थिति पता की जा सकेगी।

50 से 60 वाहनों के रूट डिजिटल किए

सफाई व्यवस्था की निगरानी के लिए नगर निगम इंदौर में इस क्षेत्र में काम कर रही विशेषज्ञ एजेंसी की मदद ले रहा है। अब तक 50 से 60 कचरा वाहनों के रूट डिजिटल किए जा चुके हैं।

तय रूट से वाहन के भटकने, 30 मिनट से ज्यादा देरी करने या किसी जगह बिना वजह 15 से 20 मिनट तक खड़े रहने पर कंट्रोल रूम में अलर्ट जारी होगा। इस व्यवस्था को रेड फ्लैग सिस्टम नाम दिया गया है।

सफाई से पहले और बाद की फोटो होगी अपलोड

सड़क और नालियों की सफाई का रिकॉर्ड भी डिजिटल रखा जाएगा। इसके लिए सफाई से पहले और काम पूरा होने के बाद की तस्वीरें अपलोड करनी होंगी।

अधिकारी दोनों तस्वीरों के जरिए मौके पर हुए काम की स्थिति जांच सकेंगे। वहीं, कचरा गाड़ी नहीं पहुंचने की शिकायत मिलने पर GPS रिकॉर्ड से उसकी लोकेशन और रूट की जांच की जा सकेगी।

कचरा फेंकने वालों पर CCTV से रखी जाएगी नजर

सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों की पहचान और कार्रवाई के लिए संवेदनशील जगहों पर CCTV कैमरे लगाए जा रहे हैं।

सफाईकर्मी भी कचरा फैलाने वालों की तस्वीरें समय और लोकेशन के साथ अपलोड कर सकेंगे। इन सबूतों के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी।

कचरा डंपिंग वाली जगहों पर बनेंगे ग्रीन कॉर्नर

नगर निगम खाली प्लॉट और मोहल्लों में कचरा जमा होने वाली जगहों को पार्क और ग्रीन कॉर्नर में बदलने की तैयारी कर रहा है। टूरी हटरी और गुरु तेग बहादुर उद्यान की तर्ज पर सभी जोनों को हर सप्ताह दो स्थानों का कायाकल्प करने का लक्ष्य दिया गया है।

इन जगहों पर पौधरोपण, लाइटिंग, पेवर ब्लॉक और बैठने की व्यवस्था की जाएगी।

Exit mobile version