सरगुजा के प्रमुख पर्यटन स्थल मैनपाट में सरकारी जमीन के रिकॉर्ड में हेराफेरी कर निजी लोगों के नाम दर्ज कराने और जमीन बेचने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी आजाद इराकी को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesसरगुजा के प्रमुख पर्यटन स्थल मैनपाट में सरकारी जमीन के रिकॉर्ड में हेराफेरी कर निजी लोगों के नाम दर्ज कराने और जमीन बेचने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी आजाद इराकी को गिरफ्तार किया है। आरोपी बलरामपुर जिले के कुसमी में अपने ससुराल में छिपा हुआ था। पुलिस ने उसे वहीं से पकड़ा।

सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देश पर आजाद इराकी समेत पांच लोगों के खिलाफ कमलेश्वरपुर थाने में केस दर्ज किया गया है। सरगुजा साइबर सेल की टीम ने कुसमी पहुंचकर आजाद को गिरफ्तार किया। इस मामले में एक अन्य आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

अब जानिए पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, मैनपाट तहसील के ग्राम केसरा में खसरा नंबर 1378 की 3.46 हेक्टेयर जमीन की खरीद-बिक्री में गड़बड़ी की शिकायत भाजपा नेता आलोक दुबे ने सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत से की थी। इसके बाद कलेक्टर ने मामले की जांच कराई।

जांच रिपोर्ट में हुआ धोखाधड़ी का खुलासा

जांच में पता चला कि 1954-55 के पुराने राजस्व रिकॉर्ड में खसरा नंबर 650 तक ही दर्ज था। ऐसे में उस समय खसरा नंबर 1378 दर्ज होना संभव नहीं था। यह खसरा नंबर बाद में नए सिरे से नंबर देने (रिनंबरिंग) के दौरान बना और पहली बार 1995-96 के राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज हुआ।

जांच रिपोर्ट के मुताबिक, 1954-55 के पुराने रिकॉर्ड में बाद में हेरफेर कर खसरा नंबर 1378 की जमीन विजय सिंह पिता चंद्रचूड़ शरण सिंहदेव के नाम दर्ज कर दी गई। इसके बाद विजय सिंह के मुख्तार आम (अधिकृत प्रतिनिधि) दिलीप चिकवा और तुलेश्वर गुप्ता (पिता गणेश गुप्ता) ने यह जमीन आजाद इराकी और अनुपम कुमार सिंह को बेच दी।

9 साल की उम्र में जमीन का मालिक बना दिया गया

चंद्रचूड़ शरण सिंहदेव धरमजयगढ़ के राजा थे। जांच में पता चला कि जब विजय सिंह के नाम पर जमीन दर्ज की गई, तब उनकी उम्र महज 9 साल थी। इसी बात से जमीन के रिकॉर्ड में की गई गड़बड़ी सामने आई।

1995-96 के बंदोबस्त रिकॉर्ड में भी खसरा नंबर 1378 की जमीन सरकारी भूमि के रूप में दर्ज है। इसे छोटे झाड़ जंगल मद में रखा गया था।

भाजपा नेता और पार्षद आलोक दुबे ने इसी आधार पर शिकायत की थी और जांच के लिए दस्तावेज भी सौंपे थे।

अग्रिम जमानत याचिका खारिज, सरगना गिरफ्तार

मामले में कमलेश्वरपुर पुलिस ने मुख्य आरोपी आजाद इराकी सहित पांच आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने पहले मामले में तुलेश्वर गुप्ता को 31 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था।

मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद आजाद इराकी और विजय सिंह ने अंबिकापुर के जिला एवं सत्र न्यायालय में अग्रिम जमानत याचिका भी लगाई थी, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया है।

फरार सरगना की तलाश में पुलिस ने साबइर सेल की टीम को लगाया था। आरोपी को कुसमी से हिरासत में लिया गया है। अन्य आरोपी फरार बताए गए हैं।

Exit mobile version