सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र के काराबेल गांव में खुले कुएंनुमा गड्ढे में डूबने से दो ग्रामीणों की मौत हो गई। दोनों सोमवार रात गांव में साथ घूम रहे थे और शराब पी थी।
आशंका है कि अंधेरे में धोखे से पानी से भरे गड्ढे में गिर गए। सुबह दोनों के शव गड्ढे में तैरते मिले। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
रात में साथ घूमकर पी थी शराब
जानकारी के मुताबिक, काराबेल निवासी अशोक बखला (45) और कमल तिर्की (55) सोमवार शाम घर से निकले थे। दोनों गांव में घूम-घूमकर शराब पी रहे थे। ग्रामीणों ने उन्हें रात में मुड़ापारा में देखा था। इसके बाद दोनों घर नहीं लौटे।
मंगलवार सुबह मुड़ापारा में कुएंनुमा गहरे गड्ढे में भरे पानी में दोनों के शव तैरते दिखाई दिए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना सीतापुर पुलिस को दी।
बारिश से लबालब भरा था गड्ढा
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को बाहर निकलवाया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
आशंका है कि दोनों अंधेरे में गड्ढे में गिर गए। बारिश के कारण गड्ढे में काफी पानी भर गया था। बताया गया है कि उसमें अब भी करीब 8 फीट पानी है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों की मौत को हादसा माना जा रहा है, लेकिन गड्ढे में गिरने की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।