धमतरी जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत पुलिस ने हेरोइन (चिट्टा) की बिक्री करते तीन युवकों को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesधमतरी जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत पुलिस ने हेरोइन (चिट्टा) की बिक्री करते तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। सिटी कोतवाली और स्पेशल टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से 15 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है।

पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन और तीन मोबाइल फोन सहित कुल 3 लाख 53 हजार 520 रुपए का सामान जब्त किया है। पूछताछ में कथित मुख्य सप्लायर का नाम सामने आने के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, स्पेशल टीम को सोरिद नगर स्थित शीतला मंदिर के पास कुछ युवकों द्वारा हेरोइन (चिट्टा) की बिक्री किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद सिटी कोतवाली और स्पेशल टीम ने मौके पर घेराबंदी की और तीन संदिग्ध युवकों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 15 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपए बताई गई है।

तीनों आरोपियों से नशीला पदार्थ और उपकरण जब्त

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान केशव उर्फ बब्लू सोनी (24), निवासी रिसाईपारा, शुभम सोनी (19), निवासी जोधापुर वार्ड और आशुतोष उर्फ आशु तिवारी (25), निवासी आमा तालाब रोड, इंडोर स्टेडियम क्षेत्र के रूप में की है।

आरोपियों के कब्जे से 15 ग्राम हेरोइन, एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन और तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 3 लाख 53 हजार 520 रुपए बताई गई है।

मुख्य सप्लायर की तलाश में पुलिस

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों से कथित मुख्य सप्लायर के बारे में जानकारी मिली है। उसकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है।

तीनों आरोपियों के खिलाफ सिटी कोतवाली धमतरी में नारकोटिक्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। विधिवत गिरफ्तारी के बाद उन्हें विशेष न्यायालय (एनडीपीएस) में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Exit mobile version