कोरबा के बालकोनगर थाना क्षेत्र की बेलगरी बस्ती में नाबालिग से अश्लील हरकत और छेड़छाड़ के मामले में फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया

Chhattisgarh Crimesकोरबा के बालकोनगर थाना क्षेत्र की बेलगरी बस्ती में नाबालिग से अश्लील हरकत और छेड़छाड़ के मामले में फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी की पहचान साहिद खान उर्फ शाहिद हुसैन (23) निवासी बेलगढी नाला बस्ती के रूप में हुई है। पुलिस ने पूछताछ के बाद उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

गलत काम के लिए पैसे देने का दिया था लालच

बालको थाना प्रभारी युवराज तिवारी के मुताबिक, 13 तारीख को आरोपी ने बस्ती की एक नाबालिग लड़की के साथ अश्लील हरकत और छेड़छाड़ की थी। पीड़िता के परिजनों ने शिकायत में आरोप लगाया कि उसने लड़की को गलत काम के लिए पैसे देने का लालच भी दिया था।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया। विरोध करने पर आरोपी ने मोहल्ले के 4 से 5 लोगों के साथ मारपीट भी की थी। इस मामले में अलग से केस दर्ज किया गया।

दो दिन पहले घेराबंदी कर पकड़ा

घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। दो दिन पहले मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया और जेल भेज दिया गया।

एक साल में कई केस दर्ज, जिला बदर करने की तैयारी

थाना प्रभारी युवराज तिवारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एक साल के भीतर कई आपराधिक मामले दर्ज हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, वह मोहल्ले के लोगों को परेशान करता था। स्थानीय लोगों ने कई बार उसकी शिकायत की थी।

पहले भी उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई थी, लेकिन उसके व्यवहार में सुधार नहीं आया। पुलिस ने आरोपी का नाम गुंडा-बदमाश सूची में शामिल किया है। उसे जिला बदर करने के लिए भी प्रस्ताव भेजने की तैयारी की जा रही है।

Exit mobile version