
आरोपी ने कलश चोरी कर कटनई प्रहरी जंगल में छिपा दिया था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर कलश बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
1945 में मंदिर में लगाया गया था कलश
पुलिस के मुताबिक, ग्राम पचरी का सतनाम मंदिर भारत का पांचवां सतनाम तीर्थ स्थल है। यह सतनाम समाज की आस्था का प्रमुख केंद्र है। मंदिर में लगा गुंबज कलश करीब 1945 में स्थापित किया गया था।
17-18 अक्टूबर की दरमियानी रात अज्ञात चोर इसे निकालकर ले गया था। घटना के बाद समाज के लोगों में आक्रोश था। इससे पहले भी मंदिर के सामान की चोरी और नुकसान की घटनाएं हो चुकी थीं।
शराब के लिए पैसे नहीं थे, इसलिए की चोरी
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। गांव में सीसीटीवी कैमरे नहीं होने के कारण स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई गई। संदेह के आधार पर पुलिस ने पचरी निवासी शुभम शर्मा (28), पिता हरिशंकर शर्मा, को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में उसने चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि वह शराब पीने का आदी है। घटना के दिन उसके पास शराब पीने के पैसे नहीं थे। इसलिए उसने गांव के तालाब के पास स्थित मंदिरों के कलश चोरी करने की योजना बनाई।
शिव मंदिर का कलश ऊंचाई पर होने के कारण वह उसे नहीं निकाल पाया और पास के गुरु घासीदास बाबा मंदिर का गुंबज कलश चोरी कर लिया।
जंगल में छिपाया था कलश
पुलिस के अनुसार, रात ज्यादा होने के कारण आरोपी कलश बेच नहीं पाया और उसे घर भी नहीं ले जा सका। इसलिए उसने कलश कटनई प्रहरी जंगल में छिपा दिया। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में उसकी निशानदेही पर कलश बरामद किया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 303(2) के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।