कोरबा शहर के पुरानी बस्ती स्थित रानी रोड क्षेत्र में 50 वर्षीय महिला गीता तंवर उर्फ गीता बाई कंवर की घर में फंदे पर लटकी हुई लाश मिली

Chhattisgarh Crimesकोरबा शहर के पुरानी बस्ती स्थित रानी रोड क्षेत्र में 50 वर्षीय महिला गीता तंवर उर्फ गीता बाई कंवर की घर में फंदे पर लटकी हुई लाश मिली। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, महिला के बेटे की दो साल पहले मौत हो गई थी। इसके बाद से वह अकेले रह रही थी और बेटे को याद कर अक्सर दुखी रहती थी।

मिली जानकारी के अनुसार, गीता तंवर पुरानी बस्ती के रानी रोड क्षेत्र में रहती थी। बताया जा रहा है कि उसने घर के सामने वाले कमरे में साड़ी से फंदा लगाया था। काफी देर तक घर में कोई हलचल नहीं होने पर पड़ोसियों ने अंदर देखा तो महिला फंदे पर लटकी मिली। इसके बाद तत्काल कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई।

बेटे की मौत के बाद से रहती थी गुमसुम

परिजनों और पड़ोसियों के मुताबिक, दो साल पहले बेटे की मौत के बाद से महिला दुखी रहती थी। दीपावली के दौरान भी उसने बेटे के बिना घर सूना लगने की बात कहते हुए अपनी परेशानी जाहिर की थी। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हैं।

पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि रानी रोड क्षेत्र में गीता बाई कंवर की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। प्रथम दृष्टया जानकारी मिली है कि महिला के बेटे की दो साल पहले मौत हो गई थी और इसके बाद से वह अकेली रह रही थी।

सीएसपी ने बताया कि मामले में मर्ग कायम किया गया है। परिजन बेटे की मौत के सदमे को घटना की वजह बता रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच कर रही है कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

Exit mobile version