दुर्ग जिले के जेवरा-सिरसा चौकी क्षेत्र में 13 साल की नाबालिग से रेप का मामला सामने आया

Chhattisgarh Crimesदुर्ग जिले के जेवरा-सिरसा चौकी क्षेत्र में 13 साल की नाबालिग से रेप का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव में गोवर्धन पूजा के बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान तीन युवक बच्ची को अपने साथ ले गए। इनमें से एक युवक ने बच्ची के साथ रेप किया।

पुलिस ने तीनों युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, यह गैंगरेप का मामला नहीं है। फिलहाल एक ही युवक पर रेप का आरोप है। उसके साथ गए दोनों युवकों पर अपहरण और अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी के मुताबिक, गांव में देर रात रिकॉर्डिंग डांस कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान तीनों युवक बच्ची को अपने साथ ले गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की।

तीनों आरोपी हिरासत में लिए गए

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि घटना के बाद तीनों युवक गांव से चले गए थे। इनमें से एक युवक अपने रिश्तेदार के घर जाकर सो गया था। पुलिस ने उसे वहीं से हिरासत में लिया।

इसके बाद बाकी दोनों युवकों को भी पकड़ लिया गया। पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। उनके परिजनों को भी पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया है।

नाबालिग के बयान के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई

पुलिस नाबालिग का बयान दर्ज कर रही है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि बच्ची को अपने साथ ले जाने वाले बाकी दोनों युवकों ने उसके साथ कोई गलत काम तो नहीं किया।

पुलिस के मुताबिक, एक ही युवक पर रेप का आरोप है। बाकी दोनों युवकों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। बच्ची और शिकायतकर्ता के बयान के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version