छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के कुनकुरी-तपकरा मार्ग पर केरसई के पास सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हैं। बाइक को टक्कर मारने के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे दुकान का प्लेटफॉर्म तोड़ते हुए पेड़ से जा भिड़ी।
हादसे का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें कार बाइक को टक्कर मारती दिखाई दे रही है। हादसे के बाद कार पेड़ पर लटक गई। कार सवार परिवार छठ मनाने बिहार जा रहा था, जबकि बाइक सवार राजमिस्त्री के काम से जा रहे थे। घटना ऊपरकछार पुलिस चौकी क्षेत्र की है।
जानिए क्या है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, कुनकुरी निवासी विजय लकड़ा और जीवन कुजूर बाइक से केरसई की ओर जा रहे थे। दोनों राजमिस्त्री का काम करने जा रहे थे।
इसी दौरान तपकरा की ओर से आ रही टोयोटा अर्बन क्रूजर कार से उनकी बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में विजय लकड़ा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जीवन कुजूर घायल हो गए।
छठ मनाने बिहार जा रहा था कार सवार परिवार
कार में एक ही परिवार के पांच लोग सवार थे। वे छठ पर्व मनाने के लिए रायगढ़ से बिहार के बोधगया जा रहे थे। बाइक से टक्कर के बाद कार सड़क किनारे दुकान का प्लेटफॉर्म तोड़ते हुए पेड़ से जा टकराई। हादसे में कार सवार सभी पांच लोग घायल हो गए।