दुर्ग शहर के पोटियाकला इलाके में 7 से 12 नवंबर के बीच पीलिया के 9 मरीज मिले हैं

Chhattisgarh Crimesदुर्ग शहर के पोटियाकला इलाके में 7 से 12 नवंबर के बीच पीलिया के 9 मरीज मिले हैं। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमण के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

एक मरीज का सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि 8 मरीज घर पर इलाज करा रहे हैं। सभी की हालत सामान्य है। अब तक किसी मरीज की मौत नहीं हुई है।

286 घरों का सर्वे, पानी के नमूने जांच के लिए भेजे

12 नवंबर तक बस्ती के 286 घरों का सर्वे किया गया। इस दौरान कोई नया मरीज नहीं मिला। स्वास्थ्यकर्मी और मितानिनें घर-घर जाकर लोगों से बीमारी के लक्षणों की जानकारी ले रही हैं।

पेयजल की जांच के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने बस्ती के 4 स्थानों से पानी के नमूने लिए हैं। इन्हें जांच के लिए भेजा गया है। संक्रमण का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।

जांच रिपोर्ट आने के बाद स्थिति साफ होगी। सीएमएचओ डॉ. मनोज दानी के निर्देश पर जिला सर्विलेंस अधिकारी डॉ. सी.बी.एस. बंजारे समेत स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्षेत्र का निरीक्षण किया।

लोगों को सावधानी बरतने की सलाह

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से पानी उबालकर पीने और बाहर के खाने से बचने की अपील की है। सड़ी-गली सब्जियां नहीं खाने की सलाह भी दी गई है। उल्टी, भूख नहीं लगना, थकान, पेट में लगातार दर्द या बुखार होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने को कहा गया है।

फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित इलाके में निगरानी कर रही हैं। नए मरीजों की पहचान और संक्रमण के कारणों का पता लगाने पर जोर दिया जा रहा है। पानी की जांच रिपोर्ट आने के बाद संक्रमण की वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Exit mobile version