दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (बिलासपुर जोन) ने ओवरचार्जिंग और आग लगने की घटनाओं का खतरा देखते हुए रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक ट्रेनों के कोच में चार्जिंग पॉइंट की बिजली बंद रखने का फैसला लिया

Chhattisgarh Crimesदक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (बिलासपुर जोन) ने ओवरचार्जिंग और आग लगने की घटनाओं का खतरा देखते हुए रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक ट्रेनों के कोच में चार्जिंग पॉइंट की बिजली बंद रखने का फैसला लिया है।

इस दौरान यात्री मोबाइल, लैपटॉप और पावर बैंक चार्ज नहीं कर सकेंगे। ऐसे में रात में सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है। यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने से पहले अपने इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह चार्ज करने होंगे।

रेलवे प्रशासन का कहना है कि रात में यात्री सोते समय मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चार्जिंग पर लगाकर छोड़ देते हैं। इससे ओवरचार्जिंग और शॉर्ट सर्किट का खतरा रहता है।

कई बार इससे चलती ट्रेन में आग लगने जैसी घटनाएं हो सकती हैं। इन खतरों को रोकने और यात्रियों की सुरक्षा के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है। वहीं, रात में मोबाइल चार्जिंग पॉइंट पर लगाकर सोने से चोरी की घटनाओं का खतरा भी बना रहता है।

90 फीसदी यात्री रात में करते हैं मोबाइल चार्ज

रात के 6 घंटे तक चार्जिंग पॉइंट की बिजली बंद रहने से लंबी दूरी के यात्रियों को परेशानी हो सकती है। सफर के दौरान दिनभर मोबाइल इस्तेमाल करने के बाद करीब 90 फीसदी यात्री रात में सोते समय फोन चार्जिंग पर लगाते हैं। ऐसे में इस व्यवस्था से यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।

रेलवे की अपील… सफर से पहले चार्ज रखें मोबाइल

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे इस व्यवस्था का ध्यान रखें। यात्रा शुरू करने से पहले मोबाइल, लैपटॉप और अन्य जरूरी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह चार्ज कर लें। साथ ही रात 11 बजे से पहले ही मोबाइल चार्ज कर लें, ताकि रात में चार्जिंग पॉइंट बंद रहने से परेशानी न हो।