छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में 2 दिन बाद मंगलवार शाम मौसम ने एक बार फिर करवट ली। अचानक आसमान पर काले बादल छा गए और तेज गरज-चमक के साथ अच्छी बारिश शुरू हो गई, जिससे उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली। मौसम विभाग ने आने वाले सप्ताह भर हल्की से मध्यम बारिश और आंधी-तूफान की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को जिले का अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार से तापमान में करीब 2 डिग्री की गिरावट की संभावना है, जिससे अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री तक पहुंच सकता है। इसके बाद अगले दिन फिर लगभग 2 डिग्री की और गिरावट के साथ तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक आने का अनुमान है।
इससे लोगों को गर्मी से और राहत मिलेगी। सोमवार को दिनभर लोग उमस भरी गर्मी से परेशान रहे। शाम होते ही मौसम ने अचानक करवट ली और तेज गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश के बाद वातावरण में ठंडक घुल गई और लोगों ने राहत की सांस ली।
ग्रामीण इलाकों में भी हुई बारिश
जिले के छाल, धरमजयगढ़, जामंगा तथा तिलगा-भगोरा क्षेत्रों में भी तेज हवाओं के साथ गरज-चमक हुई। इन इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे रात के समय मौसम पूरी तरह सुहावना हो गया।
सप्ताहभर बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार पूरे सप्ताह आसमान में बादल छाए रहने, हल्की से मध्यम बारिश तथा कहीं-कहीं आंधी-तूफान की संभावना बनी हुई है। इससे तापमान में लगातार गिरावट आने की उम्मीद है।
बिजली गुल होने से लोग परेशान
सोमवार दोपहर से शहर के जोन-2 के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। शाम को बिजली बहाल हुई, लेकिन गरज-चमक शुरू होते ही फिर से बिजली गुल हो गई। बारिश बंद होने के काफी देर बाद तक बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं हो सकी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मेंटेनेंस के नाम पर पहले ही कई घंटों तक बिजली कटौती की जाती है, इसके बावजूद हल्की बारिश और गरज-चमक में भी बिजली आपूर्ति ठप हो जाना बिजली विभाग की व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।