कोंडागांव में एनएच-30 पर बस का इंतजार कर रहे दो युवकों की तलाशी में गांजा तस्करी का मामला सामने आया

Chhattisgarh Crimesकोंडागांव में एनएच-30 पर बस का इंतजार कर रहे दो युवकों की तलाशी में गांजा तस्करी का मामला सामने आया है। दोनों युवक अपने बैगों में गांजा छिपाकर बिक्री के लिए ले जाने की फिराक में थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बटराली चौक के पास घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार किया।

तलाशी के दौरान उनके कब्जे से तीन पैकेट में रखा कुल 16 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी बाजार कीमत करीब 8 लाख रुपए आंकी गई है। गिरफ्तार दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के मैनपुरी और मथुरा जिले के निवासी हैं।

पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बटराली चौक स्थित एनएच-30 मुख्य मार्ग के पास दो संदिग्ध व्यक्ति नीले और काले रंग के पिट्ठू बैग लेकर बस का इंतजार कर रहे हैं। उनके पास पान पराग का एक झोला भी है, जिसमें गांजा छिपाकर बिक्री के लिए रखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों की पहचान सिद्धार्थ सिंह (25), निवासी भीमनगर, जिला मैनपुरी और अशोक (46), निवासी अब्दुल नवीपुर, जिला मथुरा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। तलाशी में सिद्धार्थ के नीले बैग और झोले से गांजे के दो पैकेट, जबकि अशोक के काले बैग से एक पैकेट बरामद हुआ। तीनों पैकेट का कुल वजन 16 किलोग्राम निकला।

बैग में गांजा, पास में कई सिम और एटीएम कार्ड

पुलिस को आरोपियों के पास से गांजे के अलावा मोबाइल फोन, अलग-अलग कंपनियों के सिम कार्ड, कई एटीएम कार्ड, ईयरफोन और नकदी भी मिली। सिद्धार्थ के पास फिनो पेमेंट्स बैंक के सात और एनएसडीएल पेमेंट्स बैंक के दो एटीएम कार्ड मिले। दोनों आरोपियों के पास अलग-अलग कंपनियों के मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी बरामद हुए। पुलिस ने गांजे सहित अन्य सामग्री जब्त कर ली है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया। आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

Exit mobile version