बिलासपुर में एक डॉक्टर के पालतू कुत्ते ने मॉर्निंग वॉक से लौट रहे बुजुर्ग पर हमला कर दिया। आसपास मौजूद लोगों ने दौड़कर बीच-बचाव किया, जिसके बाद कुत्ते को वहां से भगाया जा सका। इस मामले की शिकायत पर पुलिस ने कुत्ता मालिक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है।
पुलिस के मुताबिक, तालापारा स्थित खानबाड़ी गली नंबर-1 निवासी शेख अब्दुल सईद खान बिजली विभाग के रिटायर्ड कर्मचारी हैं। रोज की तरह वो रविवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। करीब 6:30 बजे घूमते हुए घर लौट रहे थे। अभी वो मगरपारा चौक स्थित बजरंग पंचायत मंदिर के सामने पहुंचे थे, जहां डॉक्टर स्मृति लाल का पालतू कुत्ता खुला घूम रहा था।
लोगों ने कुत्ते को भगाकर बुजुर्ग को बचाया
इस बीच कुत्ते ने अचानक बुजुर्ग पर हमला कर दिया और उनके दाहिने पैर की पिंडली पर काट लिया। शोर सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह कुत्ते को वहां से भगाया। इसके बाद घायल बुजुर्ग ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की।
पीड़ित का आरोप है कि कुत्ते को बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के खुले में छोड़ दिया गया था, जिससे राहगीरों की जान जोखिम में पड़ रही है। पुलिस ने शिकायत पर कुत्ता मालिक के खिलाफ लापरवाही का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शहर में बढ़ रही पालतू कुत्तों को लेकर लापरवाही
शहर में पालतू कुत्तों को बिना पट्टा (लीश) या पर्याप्त नियंत्रण के सार्वजनिक स्थानों पर घुमाने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। ऐसे मामलों में जानकारों का कहना है कि पालतू पशुओं के मालिकों की जिम्मेदारी है कि वे सुरक्षा नियमों का पालन करें, ताकि किसी राहगीर या बच्चे के साथ हादसा न हो।