पूर्व मंत्री और विधायक कवासी लखमा ने भाजपा के लोकतंत्र बचाओ अभियान पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि केंद्र और छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार है, फिर लोकतंत्र खतरे में कैसे है।
लखमा ने आरोप लगाया कि भाजपा जनता को मूलभूत सुविधाएं देने के बजाय संविधान और लोकतंत्र बचाने के नाम पर रैलियां निकाल रही है। लोगों की समस्याएं सुलझाने के बजाय उन्हें गुमराह किया जा रहा है।
उन्होंने भाजपा के इस अभियान को राजनीतिक आंदोलन बताया। लखमा ने कहा कि केंद्र से लेकर प्रदेश, नगर पालिका और नगर पंचायत तक भाजपा की सरकार है। सरकार और कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी भी भाजपा के पास है। ऐसे में लोकतंत्र खतरे में होने की बात क्यों कही जा रही है।
लखमा ने आरोप लगाया कि भाजपा अब राहुल गांधी की नकल कर रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देशभर में भाजपा की नीतियों के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। उनके अभियानों से भाजपा की डबल इंजन सरकार परेशान है।
लखमा ने दावा किया कि राहुल गांधी देश के अगले प्रधानमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है और आने वाले चुनाव में भाजपा को जवाब देगी। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि जैसे वहां की जनता ने अपना फैसला सुनाया, वैसे ही भारत की जनता भी चुनाव में जवाब देगी।
धान खरीदी की तैयारी अधूरी, मंडियों में सफाई तक नहीं
राजनीतिक बयानबाजी के साथ लखमा ने धान खरीदी की व्यवस्था पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू करने की घोषणा के बावजूद सुकमा और बस्तर के कई खरीदी केंद्रों में तैयारियां अधूरी हैं। खरीदी शुरू होने के दिन भी मंडियों में साफ-सफाई तक नहीं हुई थी।
उन्होंने कहा कि किसान कर्ज लेकर खेती करते हैं। समय पर धान नहीं बिकेगा तो किसान अपना कर्ज कैसे चुकाएंगे। मौसम की अनिश्चितता के कारण बस्तर के किसान पहले ही धान काटकर रख लेते हैं। ऐसे में खरीदी में देरी से उनकी परेशानी बढ़ सकती है।