
कबरा हाथी को पकड़ने के लिए वन विभाग का रेस्क्यू ऑपरेशन चौथे दिन भी जारी है। यह हाथी अब तक 19 लोगों की जान ले चुका है। इनमें से 9 लोगों की मौत नवंबर में हुई है।
वन विभाग के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि अब तक अकेले घूमने वाला कबरा हाथी 17 हाथियों के दल में शामिल हो गया है। शुक्रवार को उसके दल में शामिल होने के बाद से वन विभाग की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सोमवार को 18 हाथियों का दल तेंदूटिकरा और सरमा के जंगल में पहुंचा।
दो कुमकी हाथियों के साथ विशेषज्ञ कर रहे सर्चिंग
कबरा को ट्रैंकुलाइज करने के लिए बिलासपुर से वन्यजीव विशेषज्ञ डॉ. पीके चंदन और डॉ. जयकिशोर जड़िया की टीम जंगल में सर्चिंग कर रही है। टीम के साथ दो कुमकी हाथी भी हैं।
वन विभाग की योजना कबरा को पहले ट्रैंकुलाइज कर बेहोश करने और फिर रमकोला रेस्क्यू सेंटर भेजने की है। ग्रामीणों को जंगल की ओर जाने से रोकने के लिए अलर्ट जारी किया गया है।
सरमा के आसपास 20 स्कूलों में छुट्टी
हाथियों के दल की मौजूदगी के कारण शिक्षा विभाग ने उदयपुर ब्लॉक के आसपास के 20 स्कूलों में सोमवार को छुट्टी कर दी। इनमें बेलढाब, चकेरी, आमाडुगू, सरमा, बासेन, मोहनपुर और दावा के प्राइमरी व मिडिल स्कूल शामिल हैं।
ड्रोन से निगरानी, ग्रामीणों को अलर्ट किया
वन विभाग की टीमें ड्रोन से हाथियों के दल की लगातार निगरानी कर रही हैं। पूरे इलाके में अलर्ट जारी कर हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों को जंगल की ओर नहीं जाने की हिदायत दी गई है, ताकि किसी तरह की जनहानि से बचा जा सके।