सूरजपुर जिले में साइबर ठगों ने मुंबई पुलिस अधिकारी बनकर एक महिला से 35 हजार रुपये की ठगी कर ली। आरोपियों ने महिला के पति की गिरफ्तारी का झांसा दिया, पिटाई का वीडियो भेजा और व्हाट्सएप कॉल पर कथित तौर पर पति से बात कराकर रकम अपने खाते में ट्रांसफर करवा ली। मामले की शिकायत के बाद सूरजपुर कोतवाली पुलिस जांच में जुट गई है।
पीड़िता सोनी सिंह, निवासी मस्जिद मोहल्ला, लोगों के घरों में काम कर परिवार का पालन-पोषण करती हैं। उनके पति बाहर रहकर ड्राइवर का काम करते हैं। चार दिन पहले उनके व्हाट्सएप पर एक कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को मुंबई पुलिस का अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके पति को सोना-चांदी से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया गया है।
पति की गिरफ्तारी की बात सुनकर महिला घबरा गई। ठगों ने पहले पति को छुड़ाने के नाम पर 7 हजार रुपये मांगे, जिसे महिला ने भेज दिया। इसके बाद 26 हजार रुपये और मांगे गए।
इसी दौरान महिला के व्हाट्सएप पर एक वीडियो भेजा गया, जिसमें एक व्यक्ति की बेल्ट से पिटाई होती दिखाई दे रही थी। ठगों ने दावा किया कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति उसका पति है। पति को बचाने की चिंता में महिला ने दूसरी रकम भी ट्रांसफर कर दी।
व्हाट्सएप कॉल पर कराई कथित बात
ठगों ने बाद में महिला की व्हाट्सएप कॉल पर कथित तौर पर उसके पति से बात कराई। कॉल में आवाज आई कि, “मुझे बचा लो, जैसा ये लोग कह रहे हैं वैसा कर दो।” इसके बाद आरोपियों ने पति को छोड़ने के नाम पर 55 हजार रुपये और मांगे। अगले दिन फिर 20 हजार रुपये की अतिरिक्त मांग करते हुए कहा गया कि पति को मुंबई से लखनऊ ले जाया जा रहा है।
शक होने पर पहुंची थाने
लगातार पैसों की मांग के बाद महिला को ठगी का संदेह हुआ। उसने सूरजपुर कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और पति का पता लगाने, ठगों की गिरफ्तारी तथा ठगी की रकम वापस दिलाने की मांग की।
बैंक खाते और मोबाइल नंबर खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने बताया कि मोबाइल नंबर, बैंक खातों और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन की जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार साइबर अपराधी अब एआई और आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर लोगों को डराकर ठगी कर रहे हैं। ऐसे मामलों में घबराकर पैसे भेजने के बजाय तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करना चाहिए।
पति की तलाश भी जारी
फिलहाल पुलिस साइबर ठगी की जांच के साथ-साथ पीड़िता के पति की वास्तविक स्थिति और लोकेशन का भी पता लगा रही है। परिजनों के अनुसार उनका मोबाइल लगातार बंद आ रहा है, जिसे देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।