
कांग्रेस ने किसानों से जबरन रकबा समर्पण कराने, रकबा संशोधन में देरी और बचत धान के भौतिक सत्यापन के नाम पर परेशान करने का आरोप लगाया। साथ ही AgriStack पंजीयन की जटिलताओं, PV एप्लिकेशन की तकनीकी समस्याओं और भुइयां पोर्टल में दर्ज विभागीय गलतियों को दूर करने की मांग की।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने कहा कि धान खरीदी की अव्यवस्थाओं और पोर्टल की तकनीकी खामियों का खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। सरकार को किसानों की उपज का एक-एक दाना खरीदना होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि रकबा सुधार और पंजीयन की गलतियां जल्द ठीक नहीं हुईं तो कांग्रेस किसानों के समर्थन में आंदोलन करेगी।
गांवों में शिविर लगाकर समस्याएं दूर करने की मांग
अकलतरा विधायक राघवेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि विभागीय गलतियों और भुइयां पोर्टल की खामियों के कारण किसान धान बेचने के लिए भटक रहे हैं। किसानों पर रकबा समर्पण का दबाव बंद होना चाहिए और खरीदी की प्रक्रिया आसान करनी चाहिए।
जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप ने कहा कि AgriStack पंजीयन और PV एप्लिकेशन की तकनीकी समस्याओं से ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों की मुश्किलें बढ़ी हैं। उन्होंने गांवों में शिविर लगाकर इन समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की।
बचत धान के सत्यापन के नाम पर परेशान करने का आरोप
पामगढ़ विधायक शेषराज हरबंश ने बचत धान के भौतिक सत्यापन के नाम पर किसानों को परेशान करने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए उनके साथ खड़ी है।
जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू ने कहा कि रकबा संशोधन के लंबित मामलों का जल्द निराकरण होना चाहिए। व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो यह चेतावनी रैली आगे बड़े जनआंदोलन का रूप ले सकती है।