रायपुर नगर निगम की जोन-7 टीम ने जनशिकायत मिलने के बाद GE रोड स्थित NIT के आसपास सात संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान सभी संस्थानों में गंदगी और प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक मिलने पर नगर निगम ने कुल 50 हजार रुपए का ई-चालान किया।नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन-7 की जोन कमिश्नर डॉ. तृप्ति पाणीग्रही के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान जोन स्वास्थ्य अधिकारी आत्मानंद साहू और स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौजूद रही।नगर निगम के मुताबिक स्वच्छता को लेकर मिली शिकायत की जांच के लिए टीम मौके पर पहुंची थी। निरीक्षण के दौरान शिकायत सही पाई गई। सातों संस्थानों में गंदगी मिलने के साथ ही प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग भी पाया गया।
नगर निगम ने सभी संस्थानों के संचालकों को भविष्य में स्वच्छता नियमों का पालन करने और प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की चेतावनी दी है। अधिकारियों ने कहा कि दोबारा नियमों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम ने शहरवासियों से भी स्वच्छता संबंधी शिकायतों की जानकारी निगम को देने की अपील की है, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।