
पुलिस के मुताबिक, महिला का पति के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा था। पति की दूसरी शादी से भी वह परेशान थी। फिलहाल मामले की जांच जारी है। हालांकि, तीनों की मौत की असली वजह पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगी। मामला गिरौदपुरी चौकी क्षेत्र का है।
मृतकों में शामिल
- युक्ति मानिकपुरी (28)
- चिरंजीव मानिकपुरी (10)
- दिव्यांश मानिकपुरी (5)
कमरे में मिले तीनों के शव
पुलिस के मुताबिक, 20 नवंबर की सुबह 4 बजे ग्राम सुकली में महिला युक्ति मानिकपुरी और उसके दो बच्चों की मौत की सूचना मिली थी। इसके बाद गिरौदपुरी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। घर के एक कमरे में तीनों के शव मिले। शुरुआती जांच में जहर खाने से मौत होने की आशंका है
पति से चल रहा था पारिवारिक विवाद
पुलिस की जांच में पता चला कि ग्राम सुकली की युक्ति मानिकपुरी (28) का अपने पति संजय मानिकपुरी से विवाद चल रहा था। पति की दूसरी शादी के बाद से वह तनाव में थी। इसी विवाद को घटना की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
बेहोशी की हालत में अस्पताल ले गए, मृत घोषित
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे महिला और उसके दोनों बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। तीनों बेहोशी की हालत में थे। इसके बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए कसडोल अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने महिला के ससुर चैनदास मानिकपुरी (50) की सूचना पर मर्ग कायम किया। इसके बाद पंचनामा कार्रवाई कर तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।