देवउठनी एकादशी के साथ ही शहर में धार्मिक उत्साह और बाजारों की रौनक लौट आई

Chhattisgarh Crimesदेवउठनी एकादशी के साथ ही शहर में धार्मिक उत्साह और बाजारों की रौनक लौट आई। भगवान विष्णु के योगनिद्रा से जागने के इस पर्व के साथ मानो बाजार भी जाग उठा। सुबह से ही शहर की सड़कों और प्रमुख बाजारों में चहल-पहल शुरू हो गई थी।

घरों में पूजा-पाठ और तुलसी विवाह की तैयारियों के लिए लोग बड़ी संख्या में खरीदारी करने निकले। गन्ने, फूल-मालाओं, कंदमूल, मौसमी फलों और पूजा सामग्री की दुकानों पर दिनभर ग्राहकों की भीड़ लगी रही।

हिंदू धर्म में देवउठनी एकादशी का विशेष महत्व है। मान्यता है कि भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा के बाद इस दिन जागते हैं। इसके साथ ही चातुर्मास का समापन होता है और मांगलिक कार्यों की शुरुआत का मार्ग प्रशस्त होता है। इसी वजह से घर-घर में विशेष पूजा-अर्चना की जाती है।

कई परिवारों में तुलसी विवाह का आयोजन भी होता है। धार्मिक परंपराओं के निर्वहन के लिए लोग सुबह से ही जरूरी सामग्री जुटाने में लगे रहे।

गन्ने, फूल और कंदमूल की खूब हुई बिक्री

शहर के प्रमुख बाजारों और सड़कों के किनारे अस्थायी दुकानें सज गई थीं। कहीं गन्ने के ढेर लगे थे तो कहीं फूल, पत्तियां और कंदमूल बिक्री के लिए रखे गए थे। पूजा सामग्री के साथ मौसमी फल और सब्जियों की भी अच्छी मांग रही। ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए शहर पहुंचे।

आसपास के गांवों से आए ग्राहकों के कारण बाजार में दिनभर आवाजाही बनी रही। दुकानदार भी पर्व को लेकर उत्साहित नजर आए। ग्राहकों की भीड़ से व्यापारिक गतिविधियां तेज रहीं।

मौसम ने डाली खलल, आस्था पर नहीं पड़ा असर

इस बार देवउठनी एकादशी पर अकवन तूफान के असर से मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया। आसमान में बादल छाए रहे और बीच-बीच में हल्की बारिश भी हुई।

मौसम में बदलाव से लोगों को कुछ परेशानी जरूर हुई, लेकिन पर्व की तैयारियों और खरीदारी के उत्साह में कमी नहीं दिखी। लोग मौसम की परवाह किए बिना गन्ने, फूल और पूजा सामग्री खरीदने बाजार पहुंचते रहे।

Exit mobile version