
अब जानिए पूरा मामला
पुलिस के मुताबिक, 22 सितंबर 2026 को थाना प्रभारी को सूचना मिली कि ग्राम फुलीडुमर के महुवारी मार्ग के किनारे एक इनोवा कार काफी समय से लावारिस खड़ी है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो महाराष्ट्र नंबर की कार (MH 04 DY 9471) मिली।
कार लॉक थी, इसलिए मैकेनिक से उसका दरवाजा खुलवाया गया। गवाहों की मौजूदगी में तलाशी लेने पर डिक्की से भूरे टेप में लिपटे 18 पैकेट और हरी प्लास्टिक की बोरी में रखे 16 पैकेट मिले। जांच में सभी पैकेटों में गांजा मिला। कुल 70.390 किलो गांजा जब्त कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत केस दर्ज किया गया।
फास्टैग से आरोपी तक पहुंची पुलिस
पुलिस ने जांच के दौरान कार में लगे फास्टैग और अन्य तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान की। महाराष्ट्र के पालघर के अशोक कुमार यादव (43) को हिरासत में लिया गया। आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर का रहने वाला है।
पूछताछ में अशोक ने बताया कि जुलाई 2026 में वह एक साथी के साथ ओडिशा के सुंदरगढ़ गया था। वहां इनोवा में गांजा लोड किया गया। 22 सितंबर को वह गांजा लेकर उत्तर प्रदेश जा रहा था।
ट्रक हादसे के कारण कार से टकराई इनोवा
उसने बताया कि वाड्रफनगर के आसपास एक ट्रक के हादसे के कारण आगे चल रही कार ने अचानक ब्रेक लगाया। उसकी इनोवा कार पीछे से टकरा गई। पुलिस कार्रवाई के डर से वह कार को कच्चे रास्ते पर खड़ी कर साथियों के साथ फरार हो गया था।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया है। मामले में अन्य आरोपियों और गांजा तस्करी के नेटवर्क की जांच जारी है।