
जिले में धान की कटाई देरी से होती है, ऐसे में बताया जा रहा है कि अभी धान खरीदी केन्द्रों में किसान नहीं पहुंच रहे हैं। टारपाली धान खरीदी केन्द्र के कर्मचारियों ने बताया कि किसान स्वयं से एप के माध्यम से टोकन काट रहे हैं, पर वे भी दिसबंर माह का है।
दिसबंर माह से ही धान खरीदी की रफ्तार तेज होती है। ऐसे में शहर के आसपास के सभी धान खरीदी केन्द्रो में सूनापन है। बताया जा रहा है कि 112 धान खरीदी केन्द्रो में से महज 13 केन्द्रो में टोकन कटे हैं।
जिले में कुल 84,501 किसान पंजीकृत हैं, जिनका कुल पंजीकृत रकबा 1,25,163.923 हेक्टेयर है।इनमें से अब तक 232 किसानों ने 250.328 हेक्टेयर रकबे का धान उपार्जन केंद्रों में विक्रय किया है। जिले के लिए निर्धारित 5,42,580.94 मीट्रिक टन धान खरीदी के लक्ष्य के बदले अब तक 1,308.72 मीट्रिक टन मोटा धान खरीदा जा चुका है।
मौसम को देखते हुए कलेक्टर ने जारी किए निर्देश कलेक्टर ने सभी उपार्जन केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में कैप कवर, पन्नी और तिरपाल उपलब्ध रखने के निर्देश दिए हैं। तेज हवाओं से धान के स्टैक को सुरक्षित रखने के लिए उन्हें रस्सियों से मजबूती से बांधने को कहा गया है।
वहीं, जमीन की नमी और पानी के संपर्क से धान को बचाने के लिए पर्याप्त डनेज अर्थात चबूतरे, लकड़ी व भूसे की परत की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके साथ ही उपार्जन केंद्रों के फड़ के आसपास जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने, नालियों की सफाई कराने तथा बारिश का पानी जमा नहीं होने देने पर जोर दिया गया है।