पीएम स्वनिधि योजना के तहत बेहतर काम करने के मामले में छत्तीसगढ़ ने देशभर में अपनी पहचान बनाई

Chhattisgarh Crimesपीएम स्वनिधि योजना के तहत बेहतर काम करने के मामले में छत्तीसगढ़ ने देशभर में अपनी पहचान बनाई है। राज्य को इस योजना के लिए पांच राष्ट्रीय पुरस्कार मिले हैं। इनमें फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में छत्तीसगढ़ ने देश में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं, इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज श्रेणी में राज्य को दूसरा स्थान मिला है।

नई दिल्ली में शुक्रवार को आयोजित स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026 में उप मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने राज्य की ओर से दोनों पुरस्कार ग्रहण किए। इसके अलावा प्रदेश के तीन नगरीय निकायों बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा को भी राष्ट्रीय पुरस्कार मिले हैं।

डिजिटल अडॉप्शन यानी डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने के मामले में छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों ने बेहतर प्रदर्शन किया है। एक लाख से कम आबादी वाले निकायों की श्रेणी में बड़े बचेली को देश में पहला और दंतेवाड़ा को दूसरा स्थान मिला है। वहीं, एक लाख से 10 लाख तक की आबादी वाले निकायों में बिलासपुर नगर निगम ने दूसरा स्थान हासिल किया है।

क्या है पीएम स्वनिधि योजना?

पीएम स्वनिधि योजना केंद्र सरकार की योजना है। इसके तहत सड़क किनारे दुकान लगाने वाले छोटे कारोबारियों और पथ विक्रेताओं को अपना कारोबार बढ़ाने के लिए बैंक से बिना गारंटी कर्ज दिया जाता है। इसके साथ ही समय पर कर्ज चुकाने वालों को आगे अधिक राशि का कर्ज लेने का मौका मिलता है। योजना का उद्देश्य छोटे दुकानदारों को आर्थिक मदद देना और उन्हें डिजिटल लेनदेन से जोड़ना है।

सीएम ने कहा- छोटे कारोबारियों को मिल रहा आर्थिक संबल

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस उपलब्धि पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना छोटे कारोबारियों को आत्मनिर्भर बनाने में मदद कर रही है। छत्तीसगढ़ को पांच राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। यह योजना के बेहतर क्रियान्वयन और नए प्रयासों का नतीजा है।

डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि राज्य और नगरीय निकायों को मिले ये पुरस्कार अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रयासों का परिणाम हैं। योजना के जरिए पथ विक्रेताओं को बैंक से कर्ज, डिजिटल भुगतान और स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिल रहे हैं।

कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहे।

Exit mobile version