
शादी में जाने का बहाना बनाकर ले गया स्कॉर्पियो
पुलिस के मुताबिक, खुर्सीपार के सुभाष मार्केट, जोन-02, सेक्टर-11 के नरेश कुमार माथुर (53) ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि राजस्थान के बाड़मेर का रहने वाला राजेश कुमार बिसनोई (31) पिछले करीब तीन साल से उनके यहां ड्राइवर का काम कर रहा था। वह उनकी स्कॉर्पियो (CG07 AR 0002) चलाता था।
29 नवंबर 2024 को राजेश शादी में जाने की बात कहकर स्कॉर्पियो लेकर गया था। इसके बाद वह न तो गाड़ी लेकर लौटा और न ही मालिक से संपर्क किया। नरेश कुमार ने काफी तलाश की, लेकिन न तो ड्राइवर का पता चला और न ही स्कॉर्पियो मिली। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत की।
गाड़ी की मरम्मत के नाम पर भी लिए 2.50 लाख रुपए
शिकायत में बताया गया कि आरोपी ने गाड़ी के रखरखाव और तकनीकी सुधार कराने के नाम पर मालिक से नगद और ऑनलाइन माध्यम से कुल 2.50 लाख रुपए लिए थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने मालिक के भरोसे का फायदा उठाकर यह रकम ली और वापस नहीं की। इस तरह स्कॉर्पियो लेकर फरार होने के साथ ही 2.50 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला भी सामने आया।
मोबाइल लोकेशन से सूरत पहुंची पुलिस
खुर्सीपार पुलिस ने अपराध क्रमांक 450/2026 के तहत BNS की धारा 316(4) और 318(4) में केस दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी की तलाश के दौरान पुलिस ने तकनीकी जानकारी जुटाई। इसी दौरान उसकी मोबाइल लोकेशन गुजरात के सूरत में मिली। इसके बाद पुलिस टीम सूरत पहुंची और तलाश कर उसे पकड़ लिया।
19 नवंबर को गिरफ्तार, स्कॉर्पियो की तलाश जारी
पुलिस ने राजेश कुमार बिसनोई को 19 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस स्कॉर्पियो और 2.50 लाख रुपए की तलाश कर रही है। पुलिस के मुताबिक, अभी तक वाहन और रकम की बरामदगी नहीं हुई है।