दुर्ग में दवा कारोबारी और मोक्षित कॉर्पोरेशन के डायरेक्टर शशांक चोपड़ा से 15 करोड़ रुपए की फिरौती मांगने का मामला सामने आया

Chhattisgarh Crimesदुर्ग में दवा कारोबारी और मोक्षित कॉर्पोरेशन के डायरेक्टर शशांक चोपड़ा से 15 करोड़ रुपए की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। 19 नवंबर को उन्हें वॉट्सऐप पर धमकी भरा वॉइस नोट मिला। इसके साथ कॉल करके भी धमकाया गया।

वॉइस नोट और कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताते हुए धमकी दी कि रकम नहीं देने पर परिवार के एक सदस्य की हत्या कर देंगे।

धमकी मिलने के बाद कारोबारी ने उसी दिन शाम को कोतवाली थाने में FIR दर्ज कराई। परिवार की सुरक्षा के लिए घर के बाहर तीन दिन से पुलिस तैनात है। मामला दुर्ग के कोतवाली थाना इलाके का है।

घर के बाहर पुलिस तैनात, नंबर की जांच जारी

शिकायत मिलने के बाद दुर्ग पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। कारोबारी के घर के बाहर पुलिस की टीम तैनात की गई है। पुलिस वॉट्सऐप पर आए वॉइस मैसेज और कॉल औ उससे जुड़े नंबर की जांच कर रही है। दूसरे तकनीकी सबूत भी जुटाए जा रहे हैं।

हालांकि, पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग की संलिप्तता से इनकार किया है। जांच की जा रही है कि वॉइस मैसेज भेजने वाले का गैंग से वास्तव में कोई संबंध है या उसने सिर्फ नाम लेकर कारोबारी को डराने की कोशिश की है।