दंतेवाड़ा के बैलाडीला में भूस्खलन, तीन किमी तक बहा मलबा

Chhattisgarh Crimesयुमेन्द्र कश्यप/छत्तीसगढ़ क्राइम्स। दंतेवाड़ा जिले के किरंदुल स्थित बैलाडीला की पहाड़ियों के पीछे वन क्षेत्र में 18 नवंबर की रात हुए भूस्खलन से क्षेत्र में डर का माहौल है। पहाड़ी से खिसका बजरी और मलबा नाले के रास्ते करीब दो से तीन किलोमीटर तक बहकर समतल जमीन पर जमा हो गया। इस मलबे की चपेट में आकर एनएमडीसी का वेस्ट डंप और लोहागांव पहुंच मार्ग प्रभावित हुआ है। राहत की बात यह है कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

■ अधिकारियों ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

घटना की सूचना मिलते ही दंतेवाड़ा कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव, वनमंडलाधिकारी और एनएमडीसी किरंदुल के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मलबे के फैलाव, पहाड़ी की मौजूदा स्थिति और प्रभावित पहुंच मार्ग का जायजा लिया। कलेक्टर ने बताया कि इस प्राकृतिक घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है और फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। प्रशासन लगातार पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।

■ खनन से नहीं कोई संबंध

इस घटना को लेकर एनएमडीसी ने अपना आधिकारिक पक्ष जारी करते हुए स्पष्ट किया कि किरंदुल क्षेत्र में हुई यह घटना बैलाडीला पहाड़ियों के पीछे स्थित वन क्षेत्र में प्राकृतिक कारणों से बजरी और मलबे के खिसकने के कारण हुई है। कंपनी ने कहा कि इसका उसकी किसी भी खनन गतिविधि से कोई संबंध नहीं है। एनएमडीसी के मुताबिक, आसपास के गांवों में किसी की संपत्ति या अन्य प्रकार के नुकसान की भी कोई सूचना नहीं है।

Exit mobile version