दंतेवाड़ा जिले में जादू-टोने के शक में ग्रामीण की हत्या कर दी गई है। हत्या के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने लोहे के धारदार बंडा और लकड़ी के पीढ़ा से हमला कर ग्रामीण की जान ले ली थी। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल दोनों हथियार जब्त कर लिए हैं।
मामला बचेली थाना क्षेत्र के ग्राम दुगेली के धुरवापारा का है। जानकारी के मुताबिक आयतु राम कर्मा (42) की 21 नवंबर की रात हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी लच्छू कर्मा (42) और मुद्दा कर्मा (30) को शक था कि आयतु कर्मा जादू-टोना करता है।
इसी शक के आधार पर इन्होंने लोहे के धारदार बंडा और लकड़ी के पीढ़ा से आयतु राम पर हमला किया। उसके चेहरे, सीने और पीठ पर वार किए गए, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों मौके से फरार हो गए थे।
वारदात के बाद बचेली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1), 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने दुगेली के धुरवापारा में ग्रामीणों और गवाहों से पूछताछ की। इस दौरान ग्रामीणों ने लच्छू कर्मा और मुद्दा कर्मा पर हत्या में शामिल होने का संदेह जताया।
पुलिस ने दोनों की तलाश की और फिर किसी तरह उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में दोनों ने हत्या करना स्वीकार किया। उनके कब्जे से लोहे का बंडा और घटनास्थल से लकड़ी का पीढ़ा जब्त किया गया।
न्यायिक रिमांड पर भेजा जेल
पर्याप्त सबूत मिलने पर पुलिस ने 23 नवंबर को दोनों को गिरफ्तार कर JMFC न्यायालय बचेली में पेश किया। जहां से से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।