छत्तीसगढ़ के धमतरी में 60 लाख रुपए की धोखाधड़ी के आरोप में महासमुंद के व्यापारी विनय अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने बकाया रकम लौटाने के बजाय चावल FCI गोदाम में जमा करने के नाम पर 8 फर्जी बिल और इनवॉइस तैयार कर दिए थे। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
व्यावसायिक लेनदेन के लिए दिए थे 1 करोड़ रुपए
पुलिस के अनुसार, कुरुद के धोबनीपारा के उर्मिला शर्मा (48) ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि व्यावसायिक लेनदेन के तहत महासमुंद के वार्ड नंबर 30, आदर्श नगर के विनय अग्रवाल (52) को केनरा बैंक से RTGS के जरिए अलग-अलग किस्तों में 1 करोड़ रुपए दिए थे।
40 लाख लौटाए, बाकी रकम हड़पने के लिए बनाए फर्जी बिल
शिकायत के मुताबिक, विनय अग्रवाल ने 40 लाख रुपए लौटा दिए, लेकिन बाकी 60 लाख रुपए देने में आनाकानी करने लगा। बकाया रकम हड़पने के लिए उसने 16 से 24 जून 2023 के बीच 2360 क्विंटल चावल FCI के मंदिर हसौद गोदाम में जमा करने के नाम पर 8 फर्जी बिल और इनवॉइस तैयार किए। उसने ये दस्तावेज उर्मिला शर्मा को सौंप दिए।
जांच में बिलों की तारीख और दस्तावेजों में मिली गड़बड़ी
जब इन दस्तावेजों की जांच की गई तो बिलों की तारीख और उनमें दी गई जानकारी में गड़बड़ी मिली। इसके बाद उर्मिला शर्मा ने पुलिस में शिकायत की।
पुलिस ने जांच के बाद आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने व इस्तेमाल करने के आरोप में धारा 467, 468, 471 और 420 के तहत केस दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे महासमुंद से पकड़ लिया। पूछताछ और जांच में मिले सबूतों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई के बाद धमतरी पुलिस ने व्यापारियों और आम लोगों से अपील की है कि बड़े लेनदेन के दौरान बिल, इनवॉइस और बैंक से जुड़े दस्तावेजों की अच्छी तरह जांच करें। किसी भी तरह की धोखाधड़ी की आशंका होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।