नक्सल प्रभावित क्षेत्र के युवाओं को रोजगार और बेहतर भविष्य की राह दिखा रही सीआरपीएफ, 211 बटालियन की पहल

Chhattisgarh Crimes प्रशिक्षण समापन समारोह में पहुंचे पुलिस उपमहानिरीक्षक उदय भास्कर बिल्ला, युवाओं को मिला शारीरिक प्रशिक्षण, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और करियर मार्गदर्शन

युमेन्द्र कश्यप/मैनपुर। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं को रोजगार एवं बेहतर भविष्य से जोड़ने की दिशा में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 211 बटालियन द्वारा सराहनीय पहल की जा रही है। इसी कड़ी में नक्सल प्रभावित क्षेत्र के युवाओं के लिए संचालित विशेष निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन समारोह मंगलवार, 24 नवंबर को बी/211 बटालियन, सीआरपीएफ कैंप जुगाड़, जिला गरियाबंद में आयोजित किया गया। समारोह में रायपुर रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक उदय भास्कर बिल्ला शामिल हुए।

जानकारी के अनुसार, 211 बटालियन द्वारा नक्सल प्रभावित क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से 25 सितंबर 2026 से विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई थी। लगभग दो माह तक चले इस प्रशिक्षण में दसवीं एवं बारहवीं उत्तीर्ण युवाओं को शारीरिक प्रशिक्षण, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, करियर मार्गदर्शन एवं व्यक्तित्व विकास से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया।

पुलिस उपमहानिरीक्षक उदय भास्कर बिल्ला एवं 211 बटालियन के कमांडेंट हरिओम खरे के मार्गदर्शन में संचालित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्र के युवाओं को सुरक्षा बलों सहित विभिन्न सरकारी सेवाओं में रोजगार प्राप्त करने के लिए सक्षम बनाना तथा उनमें आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता विकसित करना है।

प्रशिक्षण के दौरान 211 बटालियन के अधिकारियों एवं जवानों ने अपनी सुरक्षा संबंधी जिम्मेदारियों के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए युवाओं को निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया। जवानों ने अपने अनुभव, ज्ञान एवं कौशल के माध्यम से युवाओं को अनुशासन, परिश्रम, शारीरिक दक्षता और लक्ष्य के प्रति समर्पण का महत्व समझाया।

समापन समारोह में पुलिस उपमहानिरीक्षक उदय भास्कर बिल्ला, कमांडेंट हरिओम खरे, द्वितीय कमान अधिकारी प्रदेश कुमार अटल एवं सहायक कमांडेंट चिरंजीव कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

गौरतलब है कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति एवं सुरक्षा स्थापित करने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं को शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराना भी क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण है। 211 बटालियन की यह पहल युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Exit mobile version