छत्तीसगढ़ के बालोद में पहली पत्नी ने पति की दूसरी पत्नी की हत्या कर दी

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के बालोद में पहली पत्नी ने पति की दूसरी पत्नी की हत्या कर दी। आरोपी महिला ने पहले खाट के पाए से वार किया, फिर गन्ना काटने वाली आरी से गला रेत दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम नेवारीकला का है।

जांच में सामने आया कि पति के दूसरी पत्नी को घर में रखने और उसे ज्यादा महत्व देने से पहली पत्नी नाराज थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसके चलते पहली पत्नी ने 6 महीने पहले ही हत्या की साजिश रच ली थी। मंगलवार को मामले का खुलासा हुआ।

पढ़िए हत्या की पूरी कहानी…

पुलिस के मुताबिक, नेवारीकला गांव का रहने वाला चिम्मनलाल साहू (40) मजदूरी करता है। करीब पांच साल पहले उसने प्रेम संबंध के चलते गांव के दूसरे मोहल्ले की दयाबाई सोनकर (47) को अपने घर में रख लिया था। तभी से उसकी पहली पत्नी अमृत बाई साहू, दयाबाई को लेकर नाराज रहती थी।

सोमवार रात करीब 11 बजे जब घर के सभी सदस्य खाना कर सो गए, तब अमृत बाई ने सो रही दयाबाई पर खाट के पाए से गर्दन पर ताबड़तोड़ वार किए। इसके बाद उसने गन्ना काटने वाली आरी से उसका गला रेत दिया।

हत्या के बाद आरोपी रात में घर से निकलकर खेत पहुंची, जहां उसने खून से सनी साड़ी बदल दी। किसी को शक न हो, इसलिए तड़के करीब साढ़े 3 बजे दोबारा घर लौट आई।

सुबह खून से लथपथ मिला शव

गांव के कोटवार झगेश्वर सिंह और चंद्रकिशोर गेडाम के अनुसार, तड़के करीब 4 बजे आरोपी के रिश्तेदार उन्हें घर बुलाने पहुंचे। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि दयाबाई खाट पर खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ी थीं और पूरा बिस्तर खून से सना हुआ था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

फॉरेंसिक और साइबर टीम ने जुटाए सबूत

मंगलवार सुबह थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा, साइबर सेल प्रभारी धरम भुआर्य, फॉरेंसिक टीम और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। जांच में पता चला कि दोनों महिलाएं एक ही घर के अलग-अलग कमरों में रहती थीं।

पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल खाट का लकड़ी का पाया और गन्ना काटने वाली आरी जब्त कर ली। फॉरेंसिक टीम ने खून समेत अन्य महत्वपूर्ण सबूत भी इकट्ठे किए।

Exit mobile version