रायगढ़ जिले के खरसिया में अवैध धान भंडारण के दो मामलों में जांच टीम ने 115 कट्टा यानी 46 क्विंटल धान जब्त किया

Chhattisgarh Crimesरायगढ़ जिले के खरसिया में अवैध धान भंडारण के दो मामलों में जांच टीम ने 115 कट्टा यानी 46 क्विंटल धान जब्त किया है। छपरीगंज में विक्की अग्रवाल के यहां से 18 क्विंटल और काफरमार में वरुण तिवारी के प्रतिष्ठान से 28 क्विंटल धान मिला। दोनों के खिलाफ मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

जानकारी के अनुसार, खरसिया क्षेत्र में मंडी और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने छपरीगंज में विक्की अग्रवाल के यहां निरीक्षण किया। जांच के दौरान वहां 45 कट्टा यानी 18 क्विंटल धान अवैध रूप से भंडारित मिला। टीम ने धान जब्त कर विक्की अग्रवाल के खिलाफ मंडी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है।

काफरमार में 28 क्विंटल धान मिला

इसी तरह टीम ने काफरमार स्थित वरुण तिवारी के प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। यहां जांच के दौरान 70 कट्टा यानी 28 क्विंटल धान अवैध रूप से भंडारित पाया गया। टीम ने धान जब्त कर वरुण तिवारी के खिलाफ भी मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की।

अवैध भंडारण और परिवहन पर निगरानी

समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में पारदर्शिता बनाए रखने और कोचियों-बिचौलियों के अवैध धान परिवहन, भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन लगातार जांच कर रहा है।

राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त टीमें जिले के अलग-अलग तहसील क्षेत्रों में गोदामों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और धान भंडारण स्थलों का निरीक्षण कर रही हैं। गड़बड़ी मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

20 चेक पोस्ट पर 24 घंटे निगरानी

अवैध धान परिवहन रोकने के लिए जिले में 20 अंतरराज्यीय चेक पोस्ट बनाए गए हैं। यहां चार टीमों को तीन पालियों में तैनात किया गया है। इन चेक पोस्ट पर 24 घंटे निगरानी की जा रही है।

इसके अलावा जिला स्तरीय निगरानी समिति भी बनाई गई है। रायगढ़, पुसौर, खरसिया, घरघोड़ा, तमनार, धरमजयगढ़, छाल, कापू, लैलूंगा और मुकड़ेगा तहसीलों में उड़नदस्ता दल भी तैनात किए गए हैं।

Exit mobile version