
बालोद पुलिस और नगर सेना की टीम ने ट्रक की बॉडी कटर से काटकर उसे बाहर निकाला। घायल ड्राइवर को प्राथमिक उपचार के बाद दूसरे अस्पताल में रेफर किया गया है।
बालोद टीआई शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि महाराष्ट्र के नासिक निवासी आकाश सिंदे ट्रक में जगदलपुर से खीरा लेकर नासिक जा रहा था। उसे बालोद और राजनांदगांव होते हुए महाराष्ट्र पहुंचना था।
बुधवार रात करीब 1 बजे ग्राम जगतरा में चावल गोदाम के पास उसे झपकी आ गई। इससे ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े आयरन ओर लोड ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि खीरा लोड ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और आकाश केबिन में फंस गया।
कटर से काटकर ड्राइवर को निकाला
हादसे की सूचना मिलते ही बालोद पुलिस और नगर सेना की टीम मौके पर पहुंची। ड्राइवर को निकालने के लिए ट्रक की बॉडी कटर से काटी गई। करीब 3 घंटे 30 मिनट की मशक्कत के बाद सुबह 3:30 बजे उसे बाहर निकाला जा सका।
हादसे में ट्रक में लोड खीरा सड़क पर बिखर गया। जिस ट्रक से टक्कर हुई, उसके अंदर भी ड्राइवर सो रहा था। हालांकि, वह सुरक्षित बच गया।
दोनों ट्रक जब्त, अपराध दर्ज
टीआई शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर दोनों ट्रकों को जब्त कर लिया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।