छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में 3 दिन से लापता 38 साल के महेश राम केंवट का शव बुधवार सुबह गंगासागर तालाब से मिला

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में 3 दिन से लापता 38 साल के महेश राम केंवट का शव बुधवार सुबह गंगासागर तालाब से मिला। वह 22 नवंबर की रात से लापता था। उसकी तलाश में स्थानीय गोताखोरों के बाद बिलासपुर से SDRF की टीम बुलाई गई थी।

ग्रामीणों का आरोप है कि घटना वाली रात जुए की फड़ पर पुलिस ने दबिश दी थी। कथित तौर पर कुछ युवकों से मारपीट की गई। इसी डर से महेश ने तालाब में छलांग लगाई थी।

इस मामले में कांग्रेस और परिजनों ने ट्रेनी थाना प्रभारी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने, सस्पेंशन और परिवार को 50 लाख मुआवजा देने की मांग की है।

वहीं, महेश केवट की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग को लेकर बिलासपुर-चंद्रपुर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।SP प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने हसौद के प्रशिक्षु थाना प्रभारी जयराम साहू को गंभीर लापरवाही का जिम्मेदार माना है। ट्रेनी टीआई को सस्पेंड कर पुलिस लाइन अटैच कर दिया गया है।

दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था महेश

जानकारी के मुताबिक, महेश राम केंवट गांव में दुकान चलाता था। 22 नवंबर की रात करीब 9 बजे वह घर से निकला था। उसने परिजनों को बताया था कि पड़ोस में रहने वाले लालजी लोहार के निधन के बाद वहां रखवाली करने जा रहा है।

इसके बाद वह घर नहीं लौटा। 23 नवंबर की सुबह 7 बजे तक महेश के वापस नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला।

इसके बाद पत्नी गणेशी केंवट ने हसौद थाने में शिकायत दर्ज कराई। परिजनों ने उसके अपहरण कर कहीं बंधक बनाकर रखने की आशंका भी जताई थी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की।

तालाब किनारे मिला जैकेट, जुआ खेलने के दौरान पुलिस दबिश की चर्चा

महेश के लापता होने के बाद गंगासागर तालाब के किनारे उसका जैकेट मिला। इसी बीच गांव में चर्चा होने लगी कि 22 नवंबर की रात महेश कुछ लोगों के साथ जुआ खेल रहा था। इसी दौरान हसौद पुलिस की टीम वहां दबिश देने पहुंची थी।

ग्रामीणों के अनुसार, पुलिस को देखकर वहां मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान महेश के गंगासागर तालाब में छलांग लगाने की बात सामने आई। बताया जा रहा है कि उसके साथ कुछ अन्य लोग भी तालाब में उतरे थे, जो बाहर निकल आए, लेकिन महेश का पता नहीं चला।

ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुछ युवकों के साथ मारपीट की थी। इसी डर से महेश ने तालाब में छलांग लगाई। हालांकि, पुलिस की दबिश और कथित मारपीट के आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Exit mobile version