वन अधिकार पट्टाधारियों के साथ धोखा,धान का रकबा कर दिया शून्य,किसान परेशान रकबा सुधरवाने तहसीलदार को सौंपेंगे आवेदन

Chhattisgarh Crimes*पूरन मेश्राम/मैनपुर। विकासखण्ड मुख्यालय मैनपुर के ग्राम गाजीमुडा में वन अधिकार पट्टाधारियों के साथ बड़ा अन्याय सामने आया है। जिन किसानों ने अपनी जमीन पर धान लगाया है, उनका रकबा सरकारी रिकॉर्ड में शून्य बता दिया गया है। ग्राम गाजीमुडा ग्राम पंचायत कोचेंगा के किसान अभिराम मरकाम पिता मंगल राम मरकाम को वन अधिकार अधिनियम के तहत 1.40 हेक्टेयर का पट्टा मिला है। वे हर साल सोसायटी में धान बेचते हैं। इस साल भी उन्होंने डेढ़ एकड़ में धान लगाया है और सोसायटी से लगभग 20,000 रुपये का ऋण* भी लिया है। फिर भी उनका धान का रकबा शून्य दिखाया जा रहा है।इसी गांव के दूसरे किसान धनसिंह मरकाम पिता स्व.आयतू मरकाम को 3.15 हेक्टेयर का वन अधिकार पत्र प्राप्त है। वे हर साल धान और मक्का की खेती करते हैं। इस साल उन्होंने लगभग 3 एकड़ में धान लगाया है और सोसायटी से 48,000 रुपये का ऋण लिया है। उनका भी रकबा शून्य कर दिया गया है।

किसानों का कहना है कि
हमने धान लगाया है,ऋण भी लिया है, फिर रकबा शून्य कैसे हो गया अगर रकबा शून्य रहेगा तो हम सोसायटी में धान कैसे बेचेंगे हमारा धान कहां जाएगा।

किसानों ने इस संबंध में तहसीलदार मैनपुर को आवेदन देकर मौके पर सत्यापन कराकर रकबा सुधारने की मांग की है।

*बड़ा सवाल*
जब किसान ने धान लगाया है, ऋण लिया है, तो रकबा शून्य किसने किया क्या यह लापरवाही है या जानबूझकर किसानों को धान बेचने से रोकने की साजिश अगर समय पर सुधार नहीं हुआ तो दोनों किसान सोसायटी में धान नहीं बेच पाएंगे और उन्हें भारी नुकसान होगा।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गाजीमुडा सहित पूरे क्षेत्र में जिन किसानों का रकबा शून्य दिखाया गया है उनकी जांच कर तुरंत सुधार किया जाये।

Exit mobile version