छत्तीसगढ़ के बैकुंठपुर में 12 साल की बच्ची को बंधक बनाकर जीजा ने उसके साथ रेप किया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के बैकुंठपुर में 12 साल की बच्ची को बंधक बनाकर जीजा ने उसके साथ रेप किया। मामले में पुलिस ने आरोपी जीजा को गिरफ्तार किया है। इस बीच, नाबालिग की मुंहबोली बहन ने हाईकोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर कर दावा किया था कि उसकी बहन और 9 साल के भाई को अवैध रूप से चाइल्ड हेल्पलाइन में रखा गया है।

जबकि रिकॉर्ड के अनुसार लड़का बैकुंठपुर चाइल्ड वेलफेयर सेंटर और लड़की अंबिकापुर बालिका गृह में सुरक्षित थे। मामले की सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस रवींद्र कुमार अग्रवाल की डिवीजन बेंच ने मुख्य सचिव और डीजीपी को दोनों बच्चों को कोर्ट में पेश करने का निर्देश दिया था।

सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने माना कि याचिकाकर्ता बहन ने तथ्यों को लेकर कोर्ट को गुमराह किया है, जिसके बाद अदालत ने काउंसलर से काउंसिलिंग रिपोर्ट बंद लिफाफे में मांगी है। फिलहाल कोर्ट ने अगली सुनवाई तक दोनों बच्चों को चाइल्ड वेलफेयर सेंटर में ही रखने का आदेश दिया है और मामले की अगली सुनवाई कल यानी 2 जुलाई को होगी।

जानिए क्या है पूरा मामला ?

दरअसल, बैकुंठपुर के दो अनाथ बच्चे 12 साल की बच्ची और उसका 9 साल का भाई अपनी मुंहबोली दीदी के घर रह रहे थे। आरोप है कि इस दौरान दोनों के साथ शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना की गई। लगातार हो रही प्रताड़ना से परेशान होकर दोनों भाई-बहन दीदी और जीजा के घर से भागकर अपने एक परिचित के यहां पहुंच गए।

मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस और चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (CWC) को सूचना दी गई। इसके बाद दोनों बच्चों की काउंसिलिंग कराई गई और उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें संरक्षण में रखा गया।

जीजा ने 12 साल की बच्ची से किया रेप

चाइल्ड वेलफेयर सेंटर में जब बच्चों से पूछताछ कर काउंसिलिंग की गई, तब पता चला कि उन्हें पनाह देने वाले जीजा ने 12 साल की बच्ची के साथ रेप किया। इसके साथ ही उसके भाई को भी लगातार प्रताड़ित किया जाता रहा।

मामला सामने आने के बाद चाइल्ड वेलफेयर सेंटर ने आरोपी जीजा के खिलाफ केस दर्ज किया। वहीं, बच्चों को शेल्टर होम में रखा गया। यह प्रक्रिया अभी चल ही रही थी कि मामला हाईकोर्ट पहुंच गया।