दुर्ग में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। जिला रोजगार-स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र की ओर से 26 नवंबर को जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मालवीय नगर स्थित रोजगार कार्यालय में होने वाले इस मेले में निजी क्षेत्र की 12 कंपनियां शामिल होंगी।
कंपनियों ने अलग-अलग पदों पर कुल 825 रिक्तियां दी हैं। इनमें 10वीं, 12वीं पास, स्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा और इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुके युवा आवेदन कर सकेंगे।
12 कंपनियों में 825 पदों पर भर्ती
जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र के उप संचालक के अनुसार, अब तक 12 निजी कंपनियों से 825 पदों के लिए रिक्तियां मिली हैं। इनमें तकनीकी और गैर तकनीकी दोनों तरह के पद शामिल हैं।
शैक्षणिक योग्यता के अनुसार 10वीं, 12वीं पास से लेकर स्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा और इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी कर चुके युवा आवेदन कर सकते हैं।
भर्ती से जुड़ी जानकारी रोजगार विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध है। युवा घर बैठे भी रिक्त पदों और उनकी योग्यता की जानकारी ले सकते हैं।
ऑनलाइन आवेदन के बाद मेले में पहुंचना होगा
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए युवाओं को पहले ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसके लिए रोजगार विभाग की वेबसाइट www.erojgar.cg.gov.in या छत्तीसगढ़ रोजगार मोबाइल ऐप पर रिक्त पदों की जानकारी देख सकते हैं। आवेदन के लिए रोजगार पंजीयन होना जरूरी है।
आवेदकों को अपनी योग्यता के अनुसार पद चुनकर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसके बाद 26 नवंबर को मालवीय नगर स्थित जिला रोजगार-स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र में पहुंचना होगा। अभ्यर्थियों को अपने शैक्षणिक प्रमाण पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज साथ लाने होंगे।
रोजगार कार्यालय से ले सकते हैं जानकारी
रोजगार मेले से जुड़ी जानकारी के लिए युवा वेबसाइट और मोबाइल ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा किसी तरह की परेशानी या भर्ती से जुड़ी जानकारी के लिए मालवीय नगर स्थित जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, दुर्ग में संपर्क कर सकते हैं।