रायगढ़ में खाद्य-औषधि प्रशासन विभाग की टीम होटलों, ढाबों और रेस्टोरेंट में खाद्य पदार्थों की जांच कर रही

Chhattisgarh Crimesरायगढ़ में खाद्य-औषधि प्रशासन विभाग की टीम होटलों, ढाबों और रेस्टोरेंट में खाद्य पदार्थों की जांच कर रही है। 16 से 30 नवंबर तक चल रहे ‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ अभियान के तहत टीम ने केवड़ाबाड़ी चौक स्थित जोहाल पैलेस और जगतपुर रोड स्थित जिंदल रेसीडेंसी में जांच की।

दोनों होटलों से चावल, पनीर, दाल समेत 8 खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच के दौरान जोहाल पैलेस से पका चावल, पनीर, दाल और प्याज की ग्रेवी के सैंपल लिए गए। वहीं, जिंदल रेसीडेंसी से दाल, पनीर, चावल और आटे के नमूने लिए गए।

किचन की सफाई और पेस्ट कंट्रोल कराने के निर्देश

विभाग की टीम ने दोनों होटलों में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। होटल परिसर और किचन की नियमित सफाई, पीने के पानी की जांच, कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण और पेस्ट कंट्रोल कराने को कहा गया।

इसके अलावा भोजन में रंगों का सीमित इस्तेमाल करने, खाद्य पदार्थों को अखबार में नहीं रखने और खाद्य तेल का बार-बार उपयोग नहीं करने की हिदायत दी गई। अधिकारियों ने कहा कि भोजन की गुणवत्ता के साथ साफ-सफाई के नियमों का पालन करना भी जरूरी है।

फार्म हाउस किचन में मिली थी एक्सपायरी मैदा

इससे पहले विभाग की टीम को फार्म हाउस किचन में एक्सपायरी मैदा मिली थी। टीम ने मौके पर ही मैदा नष्ट कराई थी। नियमों का उल्लंघन मिलने पर होटल का लाइसेंस तीन दिन के लिए निलंबित किया गया था। वहां साफ-सफाई को लेकर भी जरूरी निर्देश दिए गए थे। इसके अलावा कई होटलों से सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।

रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई

विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, अब तक 15 से अधिक खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच के लिए रायपुर स्थित प्रयोगशाला भेजे जा चुके हैं। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिले के होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट में जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।

Exit mobile version