कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के छुरी बाजार में बुधवार दोपहर दिनदहाड़े एक ज्वैलर्स दुकान में लूट की कोशिश की गई

Chhattisgarh Crimesकोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के छुरी बाजार में बुधवार दोपहर दिनदहाड़े एक ज्वैलर्स दुकान में लूट की कोशिश की गई। तीन हथियारबंद नकाबपोश बदमाश ग्राहक बनकर राज ज्वैलर्स पहुंचे और मिर्ची पाउडर झोंककर लूट का प्रयास किया।

दुकानदार की बहादुरी के चलते बड़ी वारदात टल गई। भागते समय बदमाश अपना कट्टा और बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 1 बजे तीन बदमाश ग्राहक बनकर राज ज्वैलर्स में दाखिल हुए। इनमें से एक आरोपी सलवार-सूट पहनकर महिला के वेश में आया था, ताकि उसकी पहचान छिपी रहे। आरोपियों ने दुकानदार से सोने की अंगूठी दिखाने को कहा। जैसे ही जेवर बाहर निकाले गए, एक बदमाश ने दुकानदार की आंखों में मिर्ची पाउडर झोंक दिया।

कट्टे और चाकू के दम पर लूट की कोशिश

मिर्ची झोंकने के बाद बदमाशों ने कट्टे और चाकू की नोक पर काउंटर में रखे जेवर समेटने शुरू कर दिए। जल्दबाजी में उन्होंने कुछ नकली आभूषणों को भी असली समझकर उठा लिया। घटना के समय दुकान में तीन कर्मचारी मौजूद थे।

दुकानदार ने किया मुकाबला, चाकू से घायल

लूट के बाद भाग रहे आरोपियों को दुकान संचालक राजकुमार अग्रवाल ने पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान बदमाशों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया और हाथ में काट लिया। हाथापाई के दौरान आरोपी अपना कट्टा और प्लैटिना बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गए। वे कुछ असली जेवरों के साथ आर्टिफिशियल ज्वेलरी भी ले जाने में सफल रहे।

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में लुटेरों की पूरी करतूत रिकॉर्ड हो गई है। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

पुलिस ने की घेराबंदी, जांच तेज

सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस का मानना है कि आरोपियों ने वारदात से पहले दुकान की रेकी की थी। मौके से बरामद कट्टा और बाइक को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

महिला वेशधारी आरोपी की तलाश

पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। महिला के वेश में आए बदमाश की पहचान करना जांच की सबसे बड़ी चुनौती माना जा रहा है। कटघोरा एसडीओपी ने कहा कि आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Exit mobile version