दुर्ग जिले के बोरी थाना क्षेत्र के ग्राम अरसी में एक ही जमीन कई लोगों को बेचने का आरोप लगा

Chhattisgarh Crimesदुर्ग जिले के बोरी थाना क्षेत्र के ग्राम अरसी में एक ही जमीन कई लोगों को बेचने का आरोप लगा है। पुलिस ने इस मामले में दीपक देशलहरे (36), निवासी ग्राम अरसी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी जमीन के दस्तावेजों में बदलाव कर अलग-अलग ऋण पुस्तिकाएं तैयार करता था। इसके बाद एक ही जमीन के लिए कई लोगों को पावर ऑफ अटॉर्नी देकर रजिस्ट्री की प्रक्रिया कराता था।

3 लाख रुपए में तय हुआ था जमीन का सौदा

शिकायतकर्ता दीपक मदान ने खसरा नंबर 1051 और 1086 की जमीन खरीदने के लिए आरोपी से सौदा किया था। दोनों खसरों का रकबा 0.16-0.16 हेक्टेयर था। इस तरह कुल 0.32 हेक्टेयर जमीन की कीमत 3 लाख रुपए तय हुई थी। शिकायतकर्ता ने यह रकम ऑनलाइन, बैंक खाते और नकद के जरिए आरोपी को दी थी, लेकिन जमीन की रजिस्ट्री नहीं हुई।

सौदे के बाद आरोपी ने दस्तावेजों में त्रुटि बताकर उन्हें सुधारने और रजिस्ट्री कराने का भरोसा दिया। इसी दौरान उसने शिकायतकर्ता को पावर ऑफ अटॉर्नी भी दी। इसके आधार पर शिकायतकर्ता खुद या किसी अन्य व्यक्ति के नाम जमीन की रजिस्ट्री करा सकता था।

11 महीने बाद दूसरे खरीदारों के नाम रजिस्ट्री का पता चला

करीब 11 महीने बाद शिकायतकर्ता को पता चला कि आरोपी ने उसी जमीन के लिए दूसरे लोगों को भी पावर ऑफ अटॉर्नी दी है। उनके नाम पर रजिस्ट्री की प्रक्रिया भी कराई गई।

इसके बाद शिकायतकर्ता ने तहसील कार्यालय से जानकारी ली। वहां नामांतरण की प्रक्रिया के दौरान कई लोगों ने जमीन पर अपना दावा करते हुए आपत्तियां दर्ज कराई थीं।

अलग-अलग ऋण पुस्तिकाएं बनाकर करते थे सौदे

पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर एक ही जमीन के लिए अलग-अलग ऋण पुस्तिकाएं तैयार करता था। दस्तावेजों में त्रुटि सुधारने और रजिस्ट्री कराने का भरोसा देकर लोगों से रकम लेता था।

इसके बाद उसी जमीन के लिए अलग-अलग लोगों को पावर ऑफ अटॉर्नी देकर रजिस्ट्री की प्रक्रिया कराता था। इससे एक ही जमीन पर कई लोगों के दावे और आर्थिक विवाद की स्थिति बनती थी।

फरार आरोपी को तलाश कर किया गिरफ्तार

शिकायतकर्ता की शिकायत पर बोरी थाने में अपराध क्रमांक 32/2026 के तहत धारा 318(4) बीएनएस में केस दर्ज किया गया। जांच के दौरान आरोपी के फरार होने पर पुलिस ने उसकी तलाश के लिए टीम गठित की और संभावित ठिकानों पर दबिश दी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। आरोपी की पहचान दीपक देशलहरे (36), निवासी ग्राम अरसी, थाना बोरी, जिला दुर्ग के रूप में हुई है।

Exit mobile version