नवा रायपुर में पिछले 4 साल से केबल और लोहे के सामानों की चोरी करने वाले 2 चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesनवा रायपुर में पिछले 4 साल से केबल और लोहे के सामानों की चोरी करने वाले 2 चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह चोर रात के अंधेरे में निर्माणाधीन इलाकों में पहुंचकर केबल, रेलिंग, लोहे की छड़, सड़क किनारे लगे रॉड ही नहीं, बल्कि रेलवे लाइन के पास की लोहे की पटरी तक उखाड़ ले जाते थे। पुलिस को आशंका है कि दोनों कई पुराने चोरी के मामलों में भी शामिल रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक, सेक्टर-24 स्थित सतनाम चौक सहित नवा रायपुर के कई इलाकों से लगातार लोहे के सामान और केबल चोरी होने की शिकायतें मिल रही थीं। 29 जून की रात करीब 2:45 बजे एनआरडीए की पेट्रोलिंग टीम ने दो युवकों को केबल काटते हुए देखा। टीम ने पीछा भी किया, लेकिन दोनों अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। मामला राखी थाना इलाके का है।

ग्रामीण एसपी श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देश पर गठित टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और कई दिनों तक संदिग्धों की निगरानी की। जांच के बाद पुलिस ने विजय कुमार ठाकुर और विक्की सवरा को हिरासत में लिया।

पहले दोनों पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन पूछताछ में उन्होंने कबूल किया कि वे पिछले तीन से चार साल से नवा रायपुर के सुनसान और निर्माणाधीन इलाकों में चोरी कर रहे थे।

रेलिंग से लेकर रेलवे पटरी तक बरामद

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई लोहे की छड़, एंगल, रेलिंग, सड़क किनारे लगे रॉड, रेलवे लाइन के पास से चोरी की गई लोहे की पटरी और केबल तार बरामद किए हैं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि दोनों की संलिप्तता नवा रायपुर में हुई अन्य चोरी की वारदातों में भी रही है या नहीं।

गिरफ्तार आरोपी

  • विजय कुमार ठाकुर (30), निवासी ग्राम पलोद, थाना मंदिर हसौद।
  • विक्की सवरा (30), मूल निवासी ग्राम पटेवा, थाना अभनपुर। वर्तमान पता- ग्राम पलोद, थाना मंदिर हसौद।
Exit mobile version