
सरगुजा संभाग में मानूसन पहुंचने के बाद भी एक सप्ताह तक बारिश नहीं हुई। एक सप्ताह बाद बंगाल की खाड़ी में बने नए सिस्टम से मानसून आगे बढ़ा है और पूरे संभाग में दो दिनों से अलग-अलग इलाकों में बारिश हो रही है। अंबिकापुर शहर में भी खंड वर्षा की स्थिति बनी हुई है। कुछ इलाकों में अच्छी बारिश हुई और कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश हुई है।
बढ़ी मानसून की गतिविधि, आज बारिश के आसार बंगाल की खाड़ी में बने नए सिस्टम के असर से मानसून आगे बढ़ा है। मानसून की गतिविधि बढ़ने के बाद पूरे संभाग में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को सरगुजा संभाग के अधिकांश इलाकों में बारिश होगी। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ अच्छी बारिश का पूर्वानुमान है।
मौसम विज्ञानी एएम भट्ट ने बताया कि मौसम का कोई स्ट्रांग सिस्टम नहीं बनने के कारण मानसून रूका हुआ था। मानसून के आगे बढ़ने के साथ ही आगामी दिनों में पूरे संभाग में अच्छी बारिश का पूर्वानुमान है।मौसम में बदलाव एवं बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई है, जिससे उमसभरी गर्मी से लोगों को कुछ राहत मिली है। पिछले 24 घंटों में अंबिकापुर का अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री और नयूनतम तापमान 24 डिग्री दर्ज किया गया है। बारिश होती है तो तापमान में और गिरावट संभावित है।
मामूली बारिश में ही सड़कों पर जलभराव, लोग परेशान अंबिकापुर शहर में दो दिनों में हुई खंडवर्षा के बाद ही कई स्थानों पर सड़कों में जलभराव की स्थिति बन गई। बनारस रोड में गांधीनगर के इलाके में सड़क में घुटने भर तक पानी भर गया। वहीं पीजी कॉलेज के सामने पानी सड़कों से बहता रहा।
दरिमा रोड में भी पानी सड़क में भरने से लोग परेशान रहे। गत वर्ष यह सड़क बारिश में पूरी तरह से टूट गई थी, जिसका नवनिर्माण कराया गया है। नई डामरीकृत सड़क फिर से बारिश में टूटने लगी है। खैरबार रोड में खालपारा के पास सड़क पर घुटने भर तक पानी भर जा रहा है।
नगर निगम ने एक वर्ष पूर्व जलभराव की स्थिति के बावजूद कोई सुधार कार्य नहीं किया है। इसके कारण लोगों को जलभराव की स्थिति से निजात नहीं मिल सकी है। आशंका है कि बारिश में फिर से कई इलाकों में जलभराव के कारण लोगों को परेशान होना पड़ेगा।
ट्रक पर गिरी गाज, धू-धू कर जला ट्रक बुधवार शाम अंबिकापुर में गरज-चमक के साथ बारिश के दौरान खरसिया नाका पर सड़क किनारे खड़ी ट्रक पर गाज गिरने से आग लग गई। हादसे के दौरान ट्रक में कोई सवार नहीं था, जिसके कारण जनहानि नहीं हुई। ट्रक में आगजनी की सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया। ट्रक का अधिकांश हिस्सा आगजनी में जलकर बर्बाद हो गया है।