छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में गाड़ी पार्किंग में खड़ी करने को लेकर हुए विवाद के बाद कुछ रसूखदारों ने मिलकर एक बुजुर्ग गार्ड की बेदम पिटाई कर दी

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के जगदलपुर में गाड़ी पार्किंग में खड़ी करने को लेकर हुए विवाद के बाद कुछ रसूखदारों ने मिलकर एक बुजुर्ग गार्ड की बेदम पिटाई कर दी। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।

दरअसल, घटना धरमपुरा इलाके में स्थित विशाल मेगा मार्ट की है। जहां गार्ड ने कार सवार शख्स को गाड़ी पार्किंग में ठीक से लगाने को कहा तो उसने पहले लात-घूसों से पीटा। फिर अपने साथी को बुलाया। साथी ने भी गार्ड को जमीन पर घसीट-घसीटकर खूब मारा।

इस मामले में गार्ड के परिवारवालों ने कानूनी कार्रवाई की मांग की है। जबकि दूसरे पक्ष के वकील ने बताया कि पार्किंग को लेकर उनके क्लाइंट और उनकी पत्नी के साथ गाली-गलौज की गई।

इसके बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। हालांकि, बाद में दोनों पक्षों ने आपस में बातचीत कर मामला सुलझा लिया। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। मामला बोधघाट थाना क्षेत्र का है।

अब जानिए पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, गार्ड का नाम नंद दुलाल डे है। वह धरमपुरा इलाके के ही रहने वाले हैं। 1 जुलाई की शाम विशाल मेगा मार्ट के पार्किंग में ड्यूटी कर रहे थे। इसी बीच गार्ड और कार सवार युवक के बीच पार्किंग को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी बात से नाराज युवक ने पहले गार्ड के साथ विवाद किया और फिर उन्हें बेदम पीटा।

फिर उसने अपने साथी को बुलाया। साथी भी मौके पर पहुंचा। कार से उतरते ही उसने गार्ड को कई थप्पड़ जड़े। इसके बाद दोनों ने मिलकर बुजुर्ग गार्ड को खींचते हुए जमीन पर पटक-पटककर पीटा।

आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन तब तक गार्ड गंभीर रूप से घायल हो चुका था। मारपीट इतनी ज्यादा हुई कि गार्ड मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। इसके बाद उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

गार्ड की बेटी बोली- न्याय चाहिए

मारपीट का CCTV देखकर गार्ड की बेटी ज्योति डे रो पड़ी थी। ज्योति डे ने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा कि शुभम मोदी और उसके रिश्तेदार ने उनके पिता के साथ बेहद बेरहमी से मारपीट की है। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना वाले दिन इन लोगों ने मामले में समझौता कराने और दबाव बनाने की भी कोशिश की, ताकि शिकायत दर्ज न कराई जाए।

हालांकि परिवार ने साफ कर दिया है कि वे किसी तरह का समझौता नहीं करेंगे और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई चाहते हैं। ज्योति ने कहा कि उनके पिता ने किसी के साथ गलत व्यवहार नहीं किया था। वे अपनी ड्यूटी कर रहे थे और पार्किंग व्यवस्था संभाल रहे थे।

इसके बावजूद उनके साथ जिस तरह की मारपीट की गई, उससे पूरा परिवार सदमे में है। उन्होंने कहा कि उनके पिता को न्याय मिलना चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

दूसरे पक्ष ने कहा- मामला सुलझ चुका है

वहीं, दूसरे पक्ष के वकील आयुष राज तिवारी ने बताया कि 1 जुलाई की रात करीब 8 बजे जगदलपुर के विशाल मेगा मार्ट में पार्किंग को लेकर दो पक्षों के बीच बहस हो गई थी। बात बढ़ने पर दोनों तरफ से कहासुनी हुई और मेरे क्लाइंट के साथ उनकी पत्नी के साथ गाली-गलौज भी की गई।

इसके बाद दोनों पक्षों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। अब दोनों पक्ष आपस में बात करके मामला खत्म कर चुके हैं। वहीं जगदलपुर के CSP सुमित कुमार ने दैनिक भास्कर से बातचीत में बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी मिली है। मामले की जांच की जा रही है।

Exit mobile version