छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक युवती के साथ युवक छेड़छाड़ कर रहा था। तभी पीड़िता की सहेली का जीजा ने बीच-बचाव करते हुए छेड़खानी करने से मना किया तो युवक ने उसके पेट और छाती पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध केस कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, लैलूंगा थाना क्षेत्र की 19 साल की एक युवती ने धरमजयगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसने बताया कि वह पिछले करीब छह महीने से धरमजयगढ़ इलाके में किराए के मकान में रहकर मजदूरी कर रही है।
मंगलवार शाम वह अपनी सहेली के साथ निर्माण स्थल पर काम कर रही थी। तभी तुर्कापारा का रहने वाला सागर सारथी (23) वहां पहुंचा और युवती से उसका मोबाइल नंबर मांगने लगा।
जब युवती ने नंबर देने से मना किया, तो उसने छेड़छाड़ शुरू कर दी। इसके बाद युवती की सहेली ने तुरंत अपने जीजा को फोन करके मौके पर बुला लिया।
इसके बाद उसका जीजा मौके पर पहुंचा और सागर सारथी को समझाकर उसे छेड़छाड़ करने से रोकने की कोशिश करने लगा। लेकिन इससे सागर गुस्सा हो गया। वह गाली-गलौज करता हुआ वहां से अपने घर चला गया और कुछ देर बाद चाकू लेकर वापस आ गया।
चाकू से पेट-छाती पर वार किया
इसके बाद उसने जान से मारने की धमकी देते हुए युवती के जीजा के पेट और छाती पर चाकू से हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद घायल को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद पीड़िता ने धरमजयगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ और हत्या की कोशिश के तहत केस दर्ज किया है। मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
अरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया
जांच में पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने जुर्म स्वीकार किया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के पास से चाकू बरामद कर जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।