छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में मां ने छोटे बेटे के साथ मिलकर बड़े बेटे की हत्या कर दी। आरोपी मां-बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, युवक को शराब पीने की लत थी। शराब पीने के लिए युवक ने पैसों की मांग की, जब घरवालों ने पैसे देने से इनकार किया तो उसने झगड़ा कर शुरू कर दिया।
दोनों आरोपियों ने पहले नारियल की रस्सी से युवक का गला दबा दिया। उन्हें लगा कि कहीं वह जिंदा न हो, इसलिए उसे कीटनाशक भी पिला दिया। इसके बाद वारदात को छिपाने और पुलिस को गुमराह करने के लिए मां-बेटे ने शव को फंदे से लटका दिया, ताकि मामला आत्महत्या का लगे। यह घटना कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम गोजी की है।
अब जानिए पूरा मामला
यह वारदात 29 जून 2026 की है। पुलिस को 23 साल के नरसिंग साहू की संदिग्ध मौत की सूचना मिली थी, जिसे पहले आत्महत्या माना जा रहा था। लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गहराई से जांच की और घरवालों से पूछताछ की। साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट को भी ध्यान से देखा।
जांच के बाद यह साफ हो गया कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि एक सोची-समझी हत्या का मामला था।
पीएम रिपोर्ट से पता चला युवक की हुई हत्या
एडिशनल एसपी शैलेंद्र पांडेय ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में साफ हुआ कि युवक की मौत गला दबाने और रस्सी से कसकर सांस रुकने की वजह से हुई थी। रिपोर्ट में इसे हत्या बताया गया है।इसके बाद कुरुद थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया।
आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला कि नरसिंग साहू को शराब पीने की लत थी। इसे लेकर घर में आए दिन विवाद होता था। इसके बाद पुलिस ने शक में मां कमला बाई साहू (60) और छोटे भाई नरेश साहू (22) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
शराब के लिए पैसों की मांग करता था
आरोपियों ने बताया कि नरसिंग आए दिन शराब पीने के लिए पैसों की मांग करता था। जब उसे शराब पीने के लिए पैसे नहीं देते थे तो वह झगड़ा और मारपीट करने लगता था।
29 जून को भी नरसिंग ने मां से पैसों की मांग की। मां ने पैसे देने से मना कर दिया। इसके बाद नरसिंग फिर से विवाद और हाथापाई करने लगा। इससे मां और छोटे भाई ने गुस्से में उसको जान से मार डाला।