
मामला सुपेला थाना क्षेत्र की स्मृति नगर चौकी का है। गिरफ्तार आरोपियों में परी खान (23), उसकी बहन मुस्कान (24) और जीजा राहुल यादव (35) शामिल हैं। मुख्य आरोपी लक्की सरदार की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार विवाद से नाराज होकर परी खान ने अपने पति लक्की सरदार, बहन मुस्कान और जीजा राहुल यादव के साथ मिलकर पीड़िता की हत्या करने की साजिश रची। 2 जुलाई की रात लगभग 8 बजे सभी आरोपी ज्वलनशील पदार्थ लेकर पीड़िता के घर पहुंचे।
उसके साथ मारपीट की। फिर उसके ऊपर और घर में ज्वलनशील पदार्थ डालकर हत्या करने का प्रयास किया। पीड़िता ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई।
पहली पत्नी है शीतल
इस मामले में दूसरी पत्नी परी खान ने भी शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में उसने बताया कि लक्की सरदार की पहले शीतल वर्मा से शादी हुई थी। कुछ समय बाद दोनों के बीच विवाद हो गया। शीतल मायके चली गई थी। दहेज और पैसों के विवाद में मामला पुलिस तक पहुंचा था।
इसके बाद दोनों अलग हो गए। साल 2025 में लक्की ने मुझ से प्रेम विवाह कर लिया और हम दोनों खम्हरिया इलाके में रहने लगे।
पहली पत्नी से बातचीत का था शक, इसी को लेकर हुआ विवाद
परी खान का कहना है कि उसने शीतल को अपने पति से विवाद नहीं करने के लिए कहा था, लेकिन इसी बात पर दोनों के बीच झगड़ा हो गया। शीतल का आरोप है कि वह लक्की से कोई बातचीत नहीं करती थी, लेकिन इसके बावजूद परी खान उसे शक की नजर से देखती थी।
उसे धमकी देती थी। 1 जुलाई को दोनों महिलाओं के बीच विवाद हुआ था। इसके अगले ही दिन यानी 2 जुलाई की रात करीब 8 बजे मामला हिंसक हो गया।
घर में अकेली देखकर मारने का किया प्रयास
शीतल ने पुलिस को बताया कि, उस समय वह घर पर अकेली थी। उसकी मां और परिवार के बाकी सदस्य बाहर गए थे। आरोप है कि, लक्की सरदार अपनी पत्नी परी खान, साली मुस्कान और दोस्त राहुल यादव के साथ उसके घर पहुंचा। पहले घर के बाहर गाली-गलौज की गई। जब उसने विरोध कर घर के अंदर चली गई तो चारों उसके घर में घुस आए।
वहां उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने उसके ऊपर और घर के अंदर ज्वलनशील पदार्थ डालकर उसे जिंदा जलाने की कोशिश भी की। हालांकि शीतल किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई।
दूसरी पत्नी ने भी दर्ज करवाई है शिकायत
वहीं दूसरी परी खान की शिकायत पूरी तरह अलग कहानी बताई है। उसने पुलिस को बताया कि घटना वाली रात वह अपनी बहन मुस्कान के साथ घर के बाहर टहल रही थी। तभी फैज इरानी, रिहान और गौतम वहां पहुंचे और शीतल के विवाद को लेकर गाली-गलौज करने लगे।
आरोप है कि तीनों ने उसके साथ मारपीट की और फैज ने चाकू निकालकर जान से मारने की धमकी भी दी। इस घटना के बाद उसने अपनी बहन, ननद और राहुल यादव के साथ पुलिस चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने दूसरी पत्नी और उसके साथियों को किया गिरफ्तार
सुपेला पुलिस ने शीतल की शिकायत पर केस दर्ज कर परी खान, मुस्कान और राहुल यादव को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी लक्की सरदार अब भी फरार है। उसकी तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जांच में सामने आया है कि पुराने वैवाहिक रिश्ते, आपसी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई ने पूरे विवाद को इतना बढ़ा दिया कि मामला हत्या के प्रयास तक पहुंच गया। फिलहाल, मामले की जांच अभी जारी है।