
मृतक की पहचान दीपका के गरुणनगर निवासी युवक उज्जवल सिंह (35) के रूप में हुई है, वो शादीशुदा था। उसके बच्चे भी हैं। वहीं, आरोपी की पहचान तुषार ढांढा (24) के रूप में हुई है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। मामला उरगा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार देर रात दीपका क्षेत्र के ट्रांसपोर्टर विकास कुमार हुडा का जन्मदिन था। पार्टी करने के लिए 20 से 25 युवक रात को मीरा रिसोर्ट पहुंचे थे। इनमें से अधिकतर लोग कोयला ट्रांसपोर्टर का काम करते हैं। उनकी गाड़ियां चलती हैं।
इस दौरान देर रात तक पार्टी हुई। रात करीब 1:30 बजे किसी मामूली बात पर युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। तुषार ढांढा शराब के नशे में सामान तोड़ने लगा। रिसॉर्ट में भी लोगों से झगड़ा किया। ट्रांसपोर्टर्स के बीच आपस में विवाद काफी बढ़ गया।
तुषार ने उज्जवल पर चढ़ाई गाड़ी
देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गई। इसी अफरातफरी के बीच आरोपी तुषार ढांढा ने कैंपर वाहन को उज्जवल सिंह पर चढ़ा दिया। वाहन की चपेट में आने से उज्जवल को गंभीर चोटें आईं और उसने घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद तुषार कैंपर वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
दोस्तों से पूछताछ, केस दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही उरगा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। दोस्तों से पूछताछ कर उनके बयान लिए गए है। जिसके बाद पुलिस ने तुषार ढांढा के खिलाफ गैर इरादतन हत्या और संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
पुलिस का कहना है कि, आरोपी की तलाश के लिए एक टीम गठित की गई है। पुलिस रिसोर्ट के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पार्टी में शामिल बाकी युवकों से पूछताछ चल रही है।